झांसी: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की PCS परीक्षा-2024 में रवि कुमार राय शर्मा ने शानदार सफलता हासिल करते हुए 64वीं रैंक प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ उनका चयन ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (BDO) पद पर हुआ है। उनकी इस सफलता से गांव और परिवार में खुशी का माहौल है। रवि कुमार राय शर्मा, रविंद्र नाथ राय के पुत्र हैं और मूल रूप से गाजीपुर जिले के शेरपुर खुर्द के रहने वाले हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव के किसान लघु माध्यमिक विद्यालय से हुई।
भारतीय सेना में सूबेदार पद से रिटायर्ड हैं पिता
प्रारंभिक शिक्षा के बाद रवि ने आर्मी पब्लिक स्कूल, झांसी से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की और फिर HBTI कानपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया। उनके पिता भारतीय सेना में सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। रवि स्वयं भी देश सेवा में सक्रिय रहे हैं। वर्तमान में वे राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) में डिप्टी कमांडेंट के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वे आईटीबीपी में 2015 में असिस्टेंट कमांडेंट के रूप में चयनित हुए थे। उन्होंने VVIP सुरक्षा में मुख्य सुरक्षा अधिकारी के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।
अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों ने भी पाई सफलता
राज्य सरकार द्वारा जारी बयान के अनुसार, इस बार पीसीएस परीक्षा में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, झारखंड, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थियों ने भी सफलता हासिल की है। कुल 932 चयनित अभ्यर्थियों में से 92.7 प्रतिशत (864) उत्तर प्रदेश के हैं, जबकि 7.3 प्रतिशत (68) अन्य राज्यों से हैं। वर्गवार आंकड़ों के मुताबिक, सामान्य वर्ग से 357, अन्य पिछड़ा वर्ग से 270, अनुसूचित जाति से 186, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से 97 और अनुसूचित जनजाति से 22 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।