1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बेटा-बेटी में भेदभाव करता था पिता, रात को सोते समय बेटियों ने चाकू से गोदकर मार डाला, पढ़ें खौफनाक मामला

बेटा-बेटी में भेदभाव करता था पिता, रात को सोते समय बेटियों ने चाकू से गोदकर मार डाला, पढ़ें खौफनाक मामला

 Published : Feb 23, 2026 05:07 pm IST,  Updated : Feb 23, 2026 06:18 pm IST

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में हत्या की चौंका देने वाली वारदात सामने आई है। जिले में दो बेटियों ने मिलकर अपने ही पिता की सोते वक्त चाकू से गोदकर हत्या कर दी है। बेटियों ने पिता पर बेटा-बेटी में भेदभाव करने का आरोप लगाया है।

daughters killed her father in bhopa muzaffarnagar- India TV Hindi
बेटियों ने कर दी पिता की हत्या। Image Source : REPORTER

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से हत्या की एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिले में एक पिता की कथित रूप से उसकी ही दो सगी बेटियों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। बेटियों ने आरोप लगाया है कि उनके पिता बेटा और बेटी में भेदभाव किया करते थे। इसी कारण उन्होंने पिता की हत्या कर दी।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, मामले में मृतक 60 वर्षीय रामप्रसाद खेती-बाड़ी का काम करते थे। रविवार देर रात अपने घर में ही उनकी निर्ममता से हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह करीब 7 बजे जब उनकी पत्नी चंद्रकली नींद से जागीं तो उन्होंने पति का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। प्रारंभ में उन्होंने अज्ञात व्यक्ति द्वारा पति की हत्या की आशंका जताई।

मौके पर पहुंची पुलिस

इस पूरी घटना के समय घर में पत्नी चंद्रकली, पुत्र अमित और सुमित तथा दो अविवाहित बेटियां कोमल और एक अन्य बेटी मौजूद थीं। सूचना पर एसपी देहात आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी देवव्रत बाजपेई और थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

बेटियों ने क्या आरोप लगाया?

पुलिस जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर परिजनों से गहन पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों अविवाहित बेटियां संदेह के दायरे में आईं। प्रारंभ में उन्होंने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, बेटियों का आरोप है कि पिता बेटा-बेटी में भेदभाव करते थे और उन्हें प्रताड़ित करते थे। इसी से आक्रोशित होकर दोनों ने दो दिन पहले हत्या की योजना बनाई और रविवार रात सोते समय पिता पर चाकू से कई वार कर दिए।

पुलिस ने क्या बताया?

हत्या की इस खौफनाक वारदात को लेकर एसपी देहात ने जानकारी दी है कि इस मामले में एक आरोपी बालिग है, जबकि दूसरी नाबालिग है। दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। (रिपोर्ट: योगेश त्यागी)

ये भी पढ़ें- उमेश पाल हत्याकांड: पुलिस ने गुड्डू मुस्लिम समेत 3 आरोपियों के खिलाफ उठाया कदम, दर्ज की FIR

अलीगढ़ में भांजे के साथ फरार हो गई 3 बच्चों की मां, पति अधिकारियों के लगा रहा चक्कर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।