1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मामा और मौसी ने ही बना लिया युवती का अश्लील वीडियो, फिर शुरू किया ब्लैकमेल का खेल, देह व्यापार में भी धकेलने की कोशिश

मामा और मौसी ने ही बना लिया युवती का अश्लील वीडियो, फिर शुरू किया ब्लैकमेल का खेल, देह व्यापार में भी धकेलने की कोशिश

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : May 20, 2026 07:09 am IST,  Updated : May 20, 2026 08:51 am IST

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में नशीले पदार्थ, अश्लील वीडियो और उगाही का ऐसा मामला सामने आया है जिससे हर कोई हैरान है। एक युवती ने अपने ही मामा और मौसी ने पर बड़े आरोप लगाए हैं जो कि चर्चा का विषय है।

up kanpur blackmailing case- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : PEXELS

उत्तर प्रदेश के कानपुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने अपनी सगी मौसी और मामा पर ऐसे आरोप लगाए हैं, जिन्होंने पारिवारिक रिश्तों की मर्यादा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला ने आरोप लगाया है कि विश्वास और पारिवारिक संबंधों का फायदा उठाकर पहले उसे कथित रूप से नशीला पदार्थ दिया गया, फिर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बनाकर लंबे समय तक ब्लैकमेल किया गया। इतना ही नहीं, महिला ने आरोप लगाया कि उसे जबरन गलत गतिविधियों में धकेला गया और लगातार आर्थिक शोषण का शिकार बनाया गया।

क्या है पूरा मामला?

ये पूरा मामला कानपुर को चकेरी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि वर्ष 2024 के दौरान उसकी मौसी और मामा ने कथित रूप से उसके साथ सुनियोजित तरीके से साजिश रची। महिला का आरोप है कि उसे नशीला पदार्थ देकर बेहोशी जैसी स्थिति में पहुंचाया गया, जिसके बाद उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए गए।

देह व्यापार में धकेलने की कोशिश

पीड़िता के अनुसार, इसके बाद उसके जीवन में परेशानियों का दौर शुरू हो गया। महिला का कहना है कि उन्हीं तस्वीरों और वीडियो को आधार बनाकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया जाता रहा। विरोध करने पर कथित रूप से गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक दबाव बनाया गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी इच्छा के खिलाफ उस पर गलत काम करने का दबाव बनाया गया और बाद में उसे देह व्यापार जैसी गतिविधियों में धकेलने का प्रयास किया गया।

शादी के बाद भी नहीं छोड़ा पीछा

महिला ने अपने बयान में यह भी कहा कि उसकी शादी होने के बाद उसे उम्मीद थी कि सब कुछ सामान्य हो जाएगा, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। आरोप है कि शादी के बाद भी उससे लगातार पैसों की मांग की जाती रही। पीड़िता का दावा है कि एक कथित तांत्रिक के जरिए भी उस पर दबाव बनाया गया और उसे डराकर गलत काम कराए जाने की कोशिश की गई।

करीब डेढ़ लाख रुपये वसूले

सबसे गंभीर आरोप यह है कि महिला के आठ माह के मासूम बच्चे को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर उससे रुपये वसूले गए। पीड़िता का कहना है कि बीते लगभग 20 महीनों में उससे करीब डेढ़ लाख रुपये लिए जा चुके हैं। इसमें हाल ही में दिए गए एक लाख रुपये भी शामिल बताए गए हैं। महिला का आरोप है कि जब उसने और पैसे देने से मना किया तो आरोपी कथित रूप से उसके अश्लील वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगे। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक दबाव के बाद महिला ने पुलिस की शरण ली और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने क्या कहा?

फिलहाल मामला पुलिस के संज्ञान में पहुंच चुका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। (रिपोर्ट: अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढे़ं- लखनऊ सैलून मैनेजर रत्ना सिंह सुसाइड केस: मुख्य आरोपी की पत्नी पल्लवी जोशी भी अरेस्ट, बहनों ने गोरखपुर में किया श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

BSc छात्रा को 'डार्लिंग' कहने वाले असिस्टेंट प्रोफेसर के खिलाफ बड़ा एक्शन, लखनऊ विश्वविद्यालय ने किया सस्पेंड

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।