1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. उत्तर प्रदेश के मथुरा में भीषण हादसा, डबल डेकर बस ने ट्रक में मारी टक्कर, अब तक 4 की मौत, दर्जनों लोग घायल

उत्तर प्रदेश के मथुरा में भीषण हादसा, डबल डेकर बस ने ट्रक में मारी टक्कर, अब तक 4 की मौत, दर्जनों लोग घायल

 Published : Jun 30, 2026 07:21 am IST,  Updated : Jun 30, 2026 07:40 am IST

उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रेलर की टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं इस हादसे में बड़ी संख्या लोगों के घायल होने की खबर सामने आ रही है।

up mathura road accident- India TV Hindi
मथुरा में दर्दनाक हादसा। Image Source : REPORTER

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। थाना राया इलाके में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 20 से 25 यात्री घायल हो गए। ये दर्दनाक हादसा थाना राया क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 112 से 113 के बीच तड़के सुबह करीब 4 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, गोला बस सर्विस की एक वोल्वो बस एक ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। 

65 यात्री सवार थे

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वोल्वो बस (नंबर BR 28P 4723) में लगभग 65 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से 25 यात्री घायल हो गए।

बचाव अभियान चलाया गया

हादसे की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), क्षेत्राधिकारी महावन, थाना प्रभारी राया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल मथुरा भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि बस में सवार लगभग 35 सुरक्षित यात्रियों को  वाहनों की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। हादसे में मरने वाले चारों मृतकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं तथा उनके परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई भी की जा रही है।

हादसे का कारण क्या रहा?

मथुरा में हुई इस दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यातायात को सुचारु बनाए रखा। एक्सप्रेसवे पर आवागमन सामान्य रूप से जारी है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर यह हादसा तेज रफ्तार या चालक की लापरवाही का परिणाम माना जा रहा है। हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे। (रिपोर्ट: विपिन सारस्वत)

ये भी पढ़ें- यूपी: दिल्ली जा रही बस के यात्री की हापुड़ के ढाबे पर पीट-पीटकर हत्या, मच गया हड़कंप

सीतापुर में सांड का आतंक, मंदिर जा रहे बुजुर्ग श्रद्धालु पर किया जानलेवा हमला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।