1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: दिल्ली जा रही बस के यात्री की हापुड़ के ढाबे पर पीट-पीटकर हत्या, मच गया हड़कंप

यूपी: दिल्ली जा रही बस के यात्री की हापुड़ के ढाबे पर पीट-पीटकर हत्या, मच गया हड़कंप

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jun 29, 2026 11:28 pm IST,  Updated : Jun 29, 2026 11:28 pm IST

उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ के ढाबे पर एक यात्री की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए 2 टीमों का गठन कर दिया है।

Hapur- India TV Hindi
हापुड़ के ढाबे पर यात्री की पीट-पीटकर हत्या Image Source : REPORTER INPUT

हापुड़: उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में कार सवार बदमाशों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे डाला। यहां दिल्ली जा रही एक रोडवेज बस जब हापुड़ जनपद के NH9 पर स्थित एक ढाबे पर रुकी तो बस में सवार एक यात्री पर बदमाशों ने लाठी डंडों से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। यात्री को अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस मामले में पुलिस द्वारा मौके से साक्ष्य जताते हुए आरोपियों की तलाश के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। 

क्या है पूरा मामला?

घटना जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर स्थित एक ढाबे की है, जहां एक बस सरुरपुर स्थित 'न्यू बिस्मिल्लाह ढाबा' पर खाना खाने के लिए रुकी, तभी पीछे से कार में सवार होकर आए कुछ युवकों ने बस में सवार एक यात्री पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक के साथ इतनी बेरहमी से मारपीट की कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया लेकिन वहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

मृतक की शिनाख्त मोहसिन के रूप में हुई है, जो जनपद बिजनौर का रहने वाला था। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि इस वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी कोई और नहीं, बल्कि मृतक के ही गांव के रहने वाले कुछ लोग हैं। बताया जा रहा है कि मोहसिन का अपने ही गांव के इन आरोपियों के साथ जमीन को लेकर काफी समय से पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने पीछा कर ढाबे पर इस वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद घटनास्थल पर खून के निशान और पुलिस की फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई भी देखी गई।

पुलिस मृतक के परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करते हुए कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है। आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा बेहद गंभीरता से काम किया जा रहा है। वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों की मदद से हमलावरों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

पुलिस ने क्या बताया?

क्षेत्राधिकारी गढ़मुक्तेश्वर ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सोमवार शाम को सूचना मिली थी कि सरुरपुर में दिल्ली की तरफ जा रही एक बस के यात्री के साथ कार सवार कुछ लोगों ने मारपीट की है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। 

क्षेत्राधिकारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला मृतक मोहसिन और उसके ही गांव के प्रतिवादियों के बीच चल रहे पुराने जमीनी विवाद का है। पुलिस को इस संबंध में कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए 2 विशेष टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी की जाएगी। (रिपोर्ट - निशांक शर्मा)

ये भी पढ़ें- 

हापुड़ में पुलिस एनकाउंटर में मारा गया इनामी बदमाश, फायरिंग में हेड कांस्टेबल को भी लगी गोली

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।