1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी के मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान जमकर हंगामा, गाड़ी में तोड़फोड़ का Video हुआ वायरल

यूपी के मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान जमकर हंगामा, गाड़ी में तोड़फोड़ का Video हुआ वायरल

 Published : Jul 16, 2026 12:22 pm IST,  Updated : Jul 16, 2026 01:17 pm IST

यूपी के मुज़फ़्फरनगर में कांवड़ियों का भारी उत्पात देखने को मिला है। गाड़ी टच हो जाने से कांवड़िये भड़क उठे और गाड़ी पर लाठी डंडों से बुरी तरह से हमला कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।

Muzaffarnagar Kanwar Yatra Vandalism- India TV Hindi
मुजफ्फरनगर में कांवड़ियों का हंगामा। Image Source : REPORTER

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में कांवड़ियों ने बीच बाज़ार भारी उत्पात मचाया है। एक गाड़ी पर कांवड़ियों का जत्था टूट पड़ा.. गाड़ी टच हो जाने से कांवड़िए भड़क गए और उन्होंने बीच सड़क पर ही गाड़ी को बुरी तरह से तोड़ दिया, शीशे तोड़ डाले, गाड़ी पर लाठी डंडों से वार कर दिया। आपको बता दें कि इससे पहले भी कांवड़ियों द्वारा ऐसी घटनाएं देखने को मिली हैं। हालांकि, अभी सावन की शुरूआत होने वाली है, उससे पहले ही ऐसी घटना ने प्रशासन की टेंशन बढ़ा दी है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, कांवड़ यात्रा के दौरान मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब मामूली कहासुनी के बाद कुछ कांवड़ियों द्वारा वाहनों में तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया। घटना का वीडियो स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, हरिद्वार से गंगाजल लेकर आ रहे कुछ कावड़ यात्रियों के काफिले पर एक मैक्स पिकअप गाड़ी ने साइड मार दी इसके बाद कावड़ यात्रियों ने जमकर हंगामा काटते हुए गाड़ी में तोड़फोड़ शुरू कर दी । कावड़ यात्रियों ने हॉकी और डंडों से गाड़ी के ऊपर चढ़कर जमकर तोड़फोड़ करते हुए बवाल काटा। कावड़ यात्रियों के हुड़दंग का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। 

इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने संबंधित लोगों को समझाकर माहौल शांत कराया तथा यातायात को सुचारु रूप से शुरू कराया।

पुलिस ने क्या कहा?

फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की पुष्टि की जा रही है और यदि किसी व्यक्ति द्वारा कानून व्यवस्था भंग करने या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की पुष्टि होती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन लगातार श्रद्धालुओं से शांति, संयम और कानून का पालन करने की अपील कर रहा है। वहीं पुलिस भी यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है। प्रशासन का कहना है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता या हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आपको बता दें कि इस साल भगवान शिव का प्रिय माह सावन 30 जुलाई 2026 से आरंभ होगा। 

पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुजफ्फरनगर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ गाड़ी में तोड़फोड़ हंगामा करने के मामले में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरे मामले में एसपी सिटी मुजफ्फरनगर अमृत जैन ने जानकारी देते हुए बताया है कि "कल देर शाम पुरकाजी क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा हंगामा करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वायरल वीडियो के आधार पर उनकी पहचान शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान कर विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।" (रिपोर्ट: योगेश त्यागी)

ये भी पढ़ें- गाजियाबाद की सोसाइटी में लिफ्ट बनी अखाड़ा, AOA विवाद में दो निवासी भिड़े, CCTV वीडियो वायरल

सपा नेता आजम खान के जौहर विश्वविद्यालय पर चलेगा बुलडोजर, 40 में से 38 बिल्डिंग को ध्वस्त करने का आदेश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।