Monday, March 09, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कौन हैं प्रिया सरोज? जो बनेंगी क्रिकेटर रिंकू सिंह की दुल्हनियां, जानिए उनसे जुड़ी हुईं खास बातें

कौन हैं प्रिया सरोज? जो बनेंगी क्रिकेटर रिंकू सिंह की दुल्हनियां, जानिए उनसे जुड़ी हुईं खास बातें

Edited By: Dhyanendra Chauhan @dhyanendraj Published : Jun 02, 2025 09:24 am IST, Updated : Jun 02, 2025 09:33 am IST

प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह की जल्द ही सगाई होने वाली है। ऐसे में चर्चा होने लगी है कि आखिर प्रिया सरोज कौन हैं? जो क्रिकेटर रिंकू सिंह की दुल्हनिया बनने वाली हैं। ऐसे में प्रिया सरोज के बारे में कई खास बातें यहां जानिए....

प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह की होनी है सगाई- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV GFX प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह की होनी है सगाई

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इसी हफ्ते एक हाई प्रोफाइल कपल की सगाई होनी है। ये कपल दोनों अलग-अलग फील्ड से ताल्लुक रखते हैं। क्रिकेट और देश की राजनीति से जुड़े लोग सगाई करने वाले हैं। इस कपल का नाम रिंकू सिंह और प्रिया सरोज है। 

मछलीशहर लोकसभा सीट से सांसद

समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह से सगाई करने जा रही हैं। सपा की यह नेता, जो भारत की सबसे युवा सांसदों में से एक हैं। वर्तमान में उत्तर प्रदेश के मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। प्रिया सरोज और रिंकू सिंह की 8 जून को उत्तर प्रदेश के लखनऊ में सगाई होनी है।

भारत की सबसे युवा सांसदों में एक

प्रिया सरोज भारत की सबसे युवा सांसदों में से एक हैं। वह उत्तर प्रदेश के वाराणसी के करखियांव गांव की रहने वाली हैं। सरोज ने राजनीति में अपने करियर के साथ अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाया है। उनके पिता तुफानी सरोज, तीन बार के सांसद और उत्तर प्रदेश के केराकत सीट से वर्तमान समाजवादी पार्टी के विधायक हैं।

पहली बार 2024 में लड़ा लोकसभा का चुनाव

प्रिया सरोज ने साल 2024 में मछलीशहर से सांसद चुने जाने के बाद राजनीत में अपने करियर की शुरुआत की है। प्रिया सरोज ने बीजेपी के दिग्गज नेता बीपी सरोज को 35,000 से अधिक वोटों से हराया था।

जानिए कहां-कहां से की पढ़ाई?

राजनीतिक पृष्ठभूमि से होने के बावजूद सरोज ने वकील बनने के लिए पढ़ाई की थी। उन्होंने नई दिल्ली में एयर फोर्स गोल्डन जुबली इंस्टीट्यूट से अपनी शिक्षा पूरी की। इसके बाद उन्होंने एमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा से एलएलबी की डिग्री हासिल की। अपनी कानून की डिग्री के साथ प्रिया सरोज सुप्रीम कोर्ट की प्रैक्टिस करने लगीं थीं।

कौन हैं रिंकू सिंह?

मालूम हो कि रिंकू सिंह एक भारतीय क्रिकेटर हैं। वह यूपी के अलीगढ़ के रहने वाले हैं। रिंकू सिंह आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के अहम खिलाड़ी हैं। रिंकू सिंह 2023 में आईपीएल मैच के आखिरी ओवर में पांच छक्के लगाने के बाद चर्चा में आए थे।

क्रिकेटर रिंकू सिंह
Image Source : FILE PHOTO क्रिकेटर रिंकू सिंह

दोनों परिवार की सहमति से हो रही शादी

वहीं, एक इंटरव्यू में तुफानी सरोज ने कहा, 'रिंकू और प्रिया एक-दूसरे को एक साल से अधिक समय से जानते हैं। वे दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे, लेकिन रिश्ते के लिए उन्हें अपने परिवारों की सहमति की जरूरत थी। दोनों परिवार इस शादी के लिए राजी हो गए।'

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement