1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी विधानसभा के उपचुनाव रद्द होंगे? सपा नेता रामगोपाल यादव ने लगाया धांधली का आरोप, दोबारा वोटिंग की मांग

यूपी विधानसभा के उपचुनाव रद्द होंगे? सपा नेता रामगोपाल यादव ने लगाया धांधली का आरोप, दोबारा वोटिंग की मांग

 Published : Nov 21, 2024 09:02 pm IST,  Updated : Nov 21, 2024 09:02 pm IST

राम गोपाल यादव ने उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीट पर बुधवार को हुए उपचुनाव में जमकर ‘‘धांधली’’ किये जाने का आरोप लगाते हुए मतदान रद्द करके अर्द्ध सैनिक बलों की निगरानी में दोबारा वोट डलवाने की मांग की है।

राम गोपाल यादव- India TV Hindi
राम गोपाल यादव Image Source : PTI/FILE

लखनऊ: क्या उत्तर प्रदेश विधानसभा के उपचुनाव रद्द होंगे? यह सवाल इसलिए लाजिमी है कि समाजवादी पार्टी चुनाव में धांधली और मदाताओं को वोट देने से रोकने का आरोप लगा रही है। इस संबंध में चुनाव आयोग में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। इस बीच समाजवादी पार्टी के मुख्य महासचिव राम गोपाल यादव ने उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीट पर बुधवार को हुए उपचुनाव में जमकर ‘‘धांधली’’ किये जाने का आरोप लगाते हुए मतदान रद्द करके अर्द्ध सैनिक बलों की निगरानी में दोबारा वोट डलवाने की मांग की है। 

हर जगह ज्यादती हुई-रामगोपाल यादव

राम गोपाल यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ‘‘कल उत्तर प्रदेश में संपन्न हुए उपचुनाव सपा और संबंधित क्षेत्रों के जिला अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों के बीच थे, न कि सपा और भाजपा के बीच।’’ उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘जिस तरह का नंगा नाच कल पुलिस ने उपचुनावों में खासकर मीरापुर, कुन्दरकी, सीसामऊ और कटेहरी में किया, वह लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है। ज्यादती तो हर जगह हुई है लेकिन उपरोक्त क्षेत्रों में प्रशासन ने मर्यादाओं की सारी सीमाएं पार कर दीं। मीरापुर, कुंदरकी और सीसामऊ में मुस्लिम मतदाताओं को बंदूक के बल पर मत डालने से रोका गया।’’ 

अर्द्ध सैनिक बलों की देखरेख में दोबारा वोटिंग की मांग

राम गोपाल यादव ने निर्वाचन आयोग को टैग कर मांग की, ‘‘ये चुनाव रद्द हों और दोबारा चुनाव अर्द्ध सैनिक बलों की देखरेख में होने चाहिए।’’ उत्तर प्रदेश की मीरापुर, कुन्दरकी, सीसामऊ और कटेहरी समेत नौ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बुधवार को मतदान हुआ। इस दौरान सपा ने अनेक स्थानों पर ‘‘धांधली’’ और पुलिस प्रशासन द्वारा मतदाताओं को वोट डालने से रोकने की शिकायतें निर्वाचन आयोग से कीं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।