Friday, February 13, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में लुटेरी दुल्हन गैंग का भंडाफोड़, शादी कर दूल्हे के साथ जा रही थी, रास्ते में गाड़ी रोक कर करने लगी ब्लैकमेल; 4 लोग अरेस्ट

यूपी में लुटेरी दुल्हन गैंग का भंडाफोड़, शादी कर दूल्हे के साथ जा रही थी, रास्ते में गाड़ी रोक कर करने लगी ब्लैकमेल; 4 लोग अरेस्ट

Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav Published : Feb 13, 2026 01:59 pm IST, Updated : Feb 13, 2026 02:05 pm IST

यूपी में फर्जी शादी कर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। तीन महिलाओं के साथ एक पुरुष को भी गिरफ्तार किया गया है। गैंग में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

पुलिस हिरासत में आरोपी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER पुलिस हिरासत में आरोपी

सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने शादी जैसे पवित्र रिश्ते को ठगी के धंधे में बदल देने वाले गिरोह का चेहरा उजागर कर दिया। पुलिस ने लुटेरी दुल्हन गैंग का भंडाफोड़ करते हुए तीन महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों पर धमकी देने और लोगों को ब्लैकमेल करने का भी आरोप है। 

रास्ते में दूल्हे की गाड़ी रुकवाई और मांगने लगी पैसे

जानकारी के अनुसार, राजस्थान के करौली निवासी जगदीश अपने बेटे रोहिताश की शादी के लिए देवरिया आए थे। शादी संपन्न हुई और परिवार खुशी के साथ लौट रहा था लेकिन एक्सप्रेस-वे के 110 किमी स्थित कैंटीन के पास अचानक गाड़ी रुकवाई गई। आरोप है कि शशि और सुमन नाम की महिलाओं ने रुपये की मांग रख दी। पैसे न देने पर गिरोह के अन्य सदस्य पहुंचे और जान से मारने की धमकी दी गई। डर के माहौल में 7 हजार रुपये दे दिए गए, लेकिन दबाव जारी रहा।

फर्जी शादियां कराकर गिरोह लोगों से वसूलता था पैसे

शिकायत के बाद धनपतगंज थाना पुलिस हरकत में आई। जांच में सामने आया कि यह संगठित गिरोह फर्जी शादियां कराकर भोले-भाले परिवारों से जेवर और नकदी ऐंठता था। विरोध करने पर झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जाती थी। पुलिस के मुताबिक, जिस दुल्हन सुमन से शादी कराई गई उसका असली नाम मुस्कान उर्फ प्रियंका है। वह पहले से शादीशुदा बताई जा रही है। शादी के दौरान दिए गए चांदी के जेवर और अन्य आभूषण भी कथित रूप से अपने पास रख लिए गए।

चार लोग गिरफ्तार

थाना प्रभारी नंदलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बेनीपुर अंडरपास के पास से सुनील कुमार, मुस्कान उर्फ सुमन, शशि भारती और रानी निशा को गिरफ्तार किया। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि शादी के नाम पर ठगी करने वाले ऐसे नेटवर्क पर कड़ी नजर रखी जा रही है। यह मामला सिर्फ एक परिवार की ठगी नहीं, बल्कि विश्वास के साथ खिलवाड़ की कहानी है।

रिपोर्ट- जागृति श्रीवास्तव, सुल्तानपुर

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement