1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. फैक्ट्री की लिफ्ट में फंसी मजदूर की गर्दन, सिर कटने से हुई मौत

फैक्ट्री की लिफ्ट में फंसी मजदूर की गर्दन, सिर कटने से हुई मौत

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Oct 07, 2025 11:46 pm IST,  Updated : Oct 07, 2025 11:46 pm IST

कानपुर देहात के रनियां इलाके में एक मजदूर की लिफ्ट में फंसने से मौत हो गई। मजदूर की गर्दन लिफ्ट में फंसकर कट गई।

लिफ्ट में फंसने से हुई मौत।- India TV Hindi
लिफ्ट में फंसने से हुई मौत। Image Source : REPORTER INPUT

कानपुर देहात: जिले के रनियां क्षेत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां फैक्ट्री में काम कर रहे एक युवक की गर्दन लिफ्ट में फंस दई। इससे युवक की गर्दन धड़ से अलग हो गई, जिससे युवक की मौत हो गई। कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं पुलिस भी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। युवक के शव को बाहर निकालने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

गर्दन दबने से हुई मौत

दरअसल, जिले के औद्योगिक क्षेत्र रनिया में स्थित ओमराज फूड फैक्ट्री में मंगलवार को एक मजदूर की लिफ्ट में फंसने से मौत हो गई। मृतक की पहचान निखिल मिश्रा के रूप में हुई है, जिसने लिफ्ट में गर्दन दबने के बाद मौके पर ही दम तोड़ दिया। औरैया जिले के ग्राम अटा निवासी निखिल मिश्रा पुत्र गिरीश मिश्रा पिछले तीन महीने से ओमराज फूड फैक्ट्री में काम कर रहा था। मंगलवार सुबह वह हमेशा की तरह काम पर आया था, तभी फैक्ट्री की ओपन लिफ्ट में उसका सिर और गर्दन फंस गई।

परिजनों ने किया हंगामा

परिजनों का आरोप है कि फैक्ट्री में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थे और मजदूरों को सुरक्षा किट भी नहीं दी जाती थी। हादसे की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पांडे, सीओ संजय वर्मा और थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गैस कटर की मदद से लिफ्ट को काटकर मजदूर के शव को बाहर निकाला। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया। मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। 

लापरवाही का लगाया आरोप

परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण निखिल की जान गई। मृतक के पिता गिरीश मिश्रा ने भावुक होकर कहा, अगर सुरक्षा इंतज़ाम होते तो मेरा बेटा आज जिंदा होता। हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन मौके से फरार हो गया, जिससे परिजनों का आक्रोश और बढ़ गया। गुस्साए परिजन मृतक के लिए मुआवजे और फैक्ट्री मालिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फैक्ट्री में लगे उपकरणों की जांच शुरू कर दी है। रनिया पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। (इनपुट- ज्ञानेंद्र शुक्ला)

यह भी पढ़ें-

एक मिनट में 200 बार धड़क रहा था बच्चे का दिल, सर्जरी कर बचाई गई जान; डॉक्टरों ने बताई गंभीर बीमारी

देवरानी ने सहेली के साथ मिलकर की जेठानी की हत्या, पति के साथ अवैध संबंध का था शक; तीन गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।