प्रतापगढ़: यूपी के प्रतापगढ़ में एक दारोगा के खिलाफ रेप के आरोप लगे हैं। एक युवती ने दारोगा पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि दारोगा ने उसके साथ कई होटलों में शारीरिक संबंध बनाए। इस मामले में एफआईआर भी दर्ज हो गई है।
क्या है पूरा मामला?
मामला उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से है। यहां के मांधाता थाने में तैनात पुलिस उपनिरीक्षक (दरोगा) अर्जुन सिंह के खिलाफ एक युवती ने गंभीर आरोप लगाए। युवती का आरोप है कि दारोगा ने शादी का झांसा देकर उसके साथ रेप किया।
दारोगा को निलंबित किया गया
इस मामले के सामने आने के बाद एसपी ने आरोपी दारोगा को निलंबित कर दिया है और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। इस घटना पर नगर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आशुतोष मिश्रा का बयान सामने आया है।
सीओ ने बताया कि युवती द्वारा एसपी को तहरीर दी गई है। इस तहरीर में ये आरोप है कि जब अर्जुन सिंह भदोही में तैनात थे तो एक मामले की जांच के दौरान उनकी और युवती की मुलाकात हुई। इसके बाद दारोगा ने शादी का झांसा देकर कई होटलों में युवती से संबंध बनाए।
पुलिस ने बताया कि आरोप है कि जब दारोगा का प्रतापगढ़ के मांधाता में तबादला हो गया तो युवती ने दारोगा पर शादी का प्रेशर बनाया लेकिन दारोगा ने शादी से मना कर दिया और धमकी भी दी। इसके बाद युवती ने एसपी से मामले की शिकायत की।
सीओ के मुताबिक, एसपी के आदेश पर थाना महिला पुलिस ने दारोगा के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कर लिया है और दारोगा को निलंबित करके विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
मथुरा में भी दारोगा पर लगे थे रेप के आरोप
यूपी के मथुरा में भी जुलाई 2025 में एक दारोगा पर रेप के आरोप लगे थे, जिसके बाद उनको निलंबित कर दिया गया था और मामला भी दर्ज किया गया था। यह कार्रवाई एक महिला सिपाही की शिकायत के आधार पर हुई थी महिला पुलिसकर्मी ने दारोगा पर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया था।
महिला सिपाही ने आरोप लगाया था कि 2 सालों तक रविकांत गोस्वामी और उनके साथी दीक्षांत शर्मा ने नशीला पदार्थ देकर उसके साथ कई बार रेप किया और उसका अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया इसके अलावा आरोप ये भी था कि इन लोगों ने महिला सिपाही को जान से मारने की धमकी दी।
ये भी पढ़ें-
नाबालिग लड़कियों का अपहरण और रेप करने वाले इनामी बदमाश का हाफ एनकांउटर, 4 राज्यों में था वांटेड