1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. पत्नी से दूर रहने के लिए पति ने बनवाई कोरोना पॉजिटिव की जाली रिपोर्ट, दर्ज हो गया मामला

पत्नी से दूर रहने के लिए पति ने बनवाई कोरोना पॉजिटिव की जाली रिपोर्ट, दर्ज हो गया मामला

 Written By: India TV Viral Desk
 Published : Jul 05, 2021 05:08 pm IST,  Updated : Jul 05, 2021 05:08 pm IST

 आरोपी ने इंदौर की एक निजी प्रयोगशाला की वेबसाइट से अन्य व्यक्ति के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की रिपोर्ट डाउनलोड की और जालसाजी के जरिये इसमें अपना नाम लिख दिया।

Viral- India TV Hindi
पत्नी से दूर रहने के लिए पति ने बनवाई कोरोना पॉजिटिव की जाली रिपोर्ट, दर्ज हो गया मामला Image Source : PEXELS

निजी समस्याओं के चलते 26 वर्षीय व्यक्ति द्वारा अपनी नवविवाहिता पत्नी से कथित तौर पर दूर रहने के लिए खुद के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की जाली रिपोर्ट तैयार किए जाने का मामला सामने आया है। इंदौर के छोटी ग्वालटोली पुलिस थाने के प्रभारी संजय शुक्ला ने सोमवार को बताया कि इस जालसाजी के खुलासे पर शहर की एक निजी प्रयोगशाला की शिकायत पर 26 वर्षीय व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 469 (किसी फर्म की ख्याति को नुकसान पहुंचाने के इरादे से जालसाजी) और अन्य संबद्ध प्रावधानों के तहत आपराधिक मामला हाल ही में दर्ज किया गया है। यह व्यक्ति नजदीकी कस्बे महू का रहने वाला है। 

उन्होंने बताया, "आरोपी की फरवरी में शादी में हुई थी। लेकिन निजी समस्याओं के चलते उसने अपनी नवविवाहिता पत्नी से दूरी बना रखी थी। इस बात को लेकर पति-पत्नी में अनबन भी चल रही थी।" 

शुक्ला ने बताया कि आरोपी ने इंदौर की एक निजी प्रयोगशाला की वेबसाइट से अन्य व्यक्ति के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की रिपोर्ट डाउनलोड की और जालसाजी के जरिये इसमें अपना नाम लिख दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने यह जाली रिपोर्ट वॉट्सऐप के जरिये अपनी पत्नी तथा पिता को भेज दी और किसी को बिना बताए घर से गायब हो गया। 

शुक्ला ने कहा, "आरोपी की जाली रिपोर्ट मिलते ही उसके परिजनों का माथा ठनका क्योंकि उसे कोविड-19 के कोई लक्षण नहीं थे। बाद में परिजनों द्वारा निजी प्रयोगशाला से जानकारी लिए जाने पर इस व्यक्ति की जालसाजी का खुलासा हुआ।" 

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में विस्तृत छानबीन जारी है और आरोपी को ढूंढे जाने के बाद उसे नोटिस दिया गया है कि जांच में उसकी जब भी जरूरत होगी, वह पुलिस के सामने हाजिर हो जाएगा।

(इनपुट-पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।