1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. Video: स्टेट हाईवे पर कार खड़ी कर मनाया बर्थडे, एंबुलेंस तक को रोके रखा, वीडियो शेयर कर दिखाया रौला

Video: स्टेट हाईवे पर कार खड़ी कर मनाया बर्थडे, एंबुलेंस तक को रोके रखा, वीडियो शेयर कर दिखाया रौला

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Feb 20, 2026 12:02 pm IST,  Updated : Feb 20, 2026 12:02 pm IST

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि लड़के सड़क के बीच कार खड़ी कर केक काट रहे हैं और जन्मदिन का जश्न मना रहे हैं। वहीं, एक एंबुलेंस खड़ी है, जो रास्ता खाली होने की इंतजार कर रही है।

Ambulance- India TV Hindi
जाम में फंसी एंबुलेंस (बाएं), केक काटता युवक (दाएं) Image Source : REPORTER INPUT

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कुछ लड़के सड़क पर बर्थडे का जश्न मनाते देखे जा सकते हैं। शुरुआत में यह वीडियो ज्यादा आपत्तिजनक नहीं लगता है, लेकिन इसकी हकीकत पता चलने पर किसी के भी पैरों तले जमीन खिसक जाएगी। यह वीडियो स्टेट हाईवे- 43 का है। बर्थडे मना रहे लड़कों ने दोनों तरफ का ट्रैफिक रोक रखा है और आराम से जश्न मना रहे हैं। हद तो तब हो जाती है, जब वीडियो में एक एंबुलेंस भी नजर आती है, जो जश्न खत्म होने का इंतजार कर रही है।

लड़कों ने बर्थडे मनाने के साथ ही वीडियो भी बनाया और इसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद हंगामा मचा तो पुलिस एक्शन में आई। सूरजपुर जिले के लटोरी थाना में उपद्रवी युवाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और उपद्रवी लड़कों की जमकर आलोचना हो रही है।

16 फरवरी की रात हुई घटना

घटना 16 फरवरी 2026 की रात हुई। अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर सूरजपुर जिले की सीमा के पास, चठिरमा इलाके में कुछ युवकों ने हाईवे को जाम करके बर्थडे सेलिब्रेशन किया। उन्होंने सड़क पर कारें आड़ी-तिरछी करके ट्रैफिक रोक दिया। इस दौरान जमकर आतिशबाजी की और कार की बोनट पर केक काटा। इससे करीब 1 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा, लगभग आधे घंटे तक यातायात ठप रहा। 

आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस

एक एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई, साथ ही कई अन्य गाड़ियां रुकी रहीं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सूरजपुर पुलिस ने आधा दर्जन (5-7) युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन पर पब्लिक प्रॉपर्टी डैमेज, ट्रैफिक नियम तोड़ने, और सार्वजनिक असुविधा पैदा करने जैसे आरोप लगे हैं। कुछ युवक अभी फरार बताए जा रहे हैं, पुलिस तलाश में जुटी है। ये घटना सरगुजा-सूरजपुर जिले की बॉर्डर पर एक ढाबे के पास हुई, जहां वे पहले पार्टी कर रहे थे और फिर हाईवे पर आ गए। लोग इसे "गुंडागर्दी" या "ट्रैफिक रूल्स की धज्जियां उड़ाना" कह रहे हैं, क्योंकि इससे जरूरी सेवाओं (जैसे एम्बुलेंस) को खतरा हुआ।

(अंबिकापुर से सिकंदर खान की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

UP: नींद में खलल पैदा किया तो भाई को कुल्हाड़ी से काट डाला, घर में गड्ढा खोदकर शव दफनाया; मामा की शिकायत पर खुला राज

गोरखपुर: साइकिल समेत खुले नाले में जा गिरा 11 साल का बच्चा, पेट में सरिया घुसने से चली गई जान-VIDEO

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।