उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जहां 11 वर्षीय बच्चे की खुले नाले में गिरने से मौत हो गई। ये घटना जिले के चिलुवाताल थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 जीडीए विस्तार नगर कॉलोनी के पास की है।
सीने के आरपार हुई लोहे की सरिया
मुडिला उर्फ मुंडेरा के रहने वाले श्यामसुंदर का 11 वर्षीय बेटा कन्हैया गुरुवार को नाला क्रॉस कर रहा था कि अचानक वह साइकिल समेत उसमें जा गिरा। नाले के अंदर सरिया उसके सीने को पार कर गया और मासूम की मौत हो गई।
परिवार में छाया मातम
बच्चे की मौत के बाद पूरे परिवार में मातम छाया हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हर किसी की जुबान से बस यही निकल रहा है कि सरकारी लापरवाही का खामियाजा आम इंसान को अपनी जिंदगी देकर भुगतना पड़ रहा है।
जेई को किया गया निलंबित
गोरखपुर कमिश्नर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए टेक्निकल सुपरवाइजर को बर्खास्त कर दिया है। जेई को निलंबित कर जांच के आदेश दे दिए हैं। आसपास के खुले हुए नाले को बंद करने का आदेश भी दिया गया है।
पहले भी हो चुका है, ऐसा ही हादसा
पिछले साल भी तिवारीपुर थाना क्षेत्र में एक मासूम की मौत हो गई थी। उसके बाद नाला को ढका गया था, लेकिन फिर खुले नाले की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है और लोगों की जिंदगियों के साथ खिलवाड़ हो रहा है।