1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. जयमाल पर फोटो खिंचवाने को लेकर बाराती-घराती भिड़े, जमकर चलीं कुर्सियां; VIDEO वायरल

जयमाल पर फोटो खिंचवाने को लेकर बाराती-घराती भिड़े, जमकर चलीं कुर्सियां; VIDEO वायरल

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Mar 08, 2026 11:26 am IST,  Updated : Mar 08, 2026 11:26 am IST

यूपी के मऊ जिले में एक शादी समारोह के दौरान अचानक विवाद हो गया। देखते ही देखते दो पक्षों के बीच कुर्सियां चलने लगीं और मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दोनों पक्षों में हुई मारपीट। - India TV Hindi
दोनों पक्षों में हुई मारपीट। Image Source : REPORTER INPUT

मऊ: जिले के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के औरंगाबाद मोहल्ले में एक शादी समारोह के दौरान फोटो खिंचवाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। इसके बाद बाराती और घराती आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान कुर्सियां भी चलीं, जिससे कई लोग घायल हो गए और विवाह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। हालांकि पुलिस की टीम ने किसी तरह से मामले पर काबू पाया और विवाह संपन्न कराया गया।

जयमाल पर फोटो खिंचवाने को लेकर हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के औरंगाबाद मोहल्ले की सोनकर बस्ती में एक बारात आई थी। यहां जयमाल के दौरान फोटो खिंचवाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। पहले यह बहस तक सीमित रही, लेकिन कुछ ही देर में मामला गाली-गलौज और फिर मारपीट तक पहुंच गया। देखते ही देखते बाराती और घराती आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई और कुर्सियां तक चलने लगीं। इस दौरान कई लोगों के सिर में चोटें आईं और विवाह स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हंगामे के बीच कई कुर्सियां टूट गईं, टेंट उखड़ गया और जयमाल का मंच भी बिखर गया, जिससे समारोह कुछ देर के लिए पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।

दोनों पक्षों के बीच जमकर चलीं कुर्सियां

घटना की सूचना मिलते ही दक्षिण टोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को तत्काल मऊ जिला अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया, जिसके बाद विवाह की रस्में पूरी कराई गईं। थाना दक्षिण टोला प्रभारी बसंत लाल ने बताया कि सोनकर बस्ती में आई बारात के दौरान फोटो खिंचवाने को लेकर विवाद हो गया था, जिसमें कुछ लोगों के बीच मारपीट और कुर्सियां चलने की घटना हुई। पुलिस के पहुंचने पर स्थिति को संभाल लिया गया और विवाह संपन्न कराया गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (इनपुट- राकेश)

यह भी पढ़ें-

पानी में नहाते और डुबकी लगाते दिखे बाघ, इन टाइगर्स को देख विदेशी सैलानी हुए गदगद; देखें VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।