गिर सोमनाथ: गुजरात के गिर सोमनाथ से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। यहां के गिर गढ़ा हाउसिंग सोसायटी में शेरनी का आतंक दिखाई दिया और वह कुत्तों का शिकार करने की कोशिश करती दिखी। रात के अंधेरे में शेरनी की चहलकदमी सीसीटीवी में कैद हो गई।
सीसीटीवी में कुत्ते और शेरनी का हुआ आमना-सामना
सीसीटीवी में दिखाई दिया कि रिहायशी इलाके में जब रात में शेरनी शिकार पर निकली तो एक कुत्ता उसके सामने आ गया। इसके बाद कुत्ते की सिट्टी पिट्टी गुम हो गई और वह मौके पर उछल कूद मचाते हुए भाग निकला और अपनी जान बचा ली। इस दौरान शेरनी भी कुत्ते के पीछे जाती हुई दिखाई दी।
स्थानीय लोगों में डर का माहौल
भले ही कुत्ते ने शेरनी के सामने किसी तरह अपनी जान बचा ली हो लेकिन गिर सोमनाथ के लोग इस सीसीटीवी को देखकर डरे हुए हैं। खासतौर पर वह लोग जो रात के समय घर से बाहर होते हैं, उनमें शेरनी का डर देखा जा रहा है। लोगों को डर है कि कहीं शेरनी रात के समय में उनका ही शिकार न कर ले।
वन विभाग से गश्त की मांग
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि वह शेरों की गतिविधियों पर नजर रखे और इलाके में गश्त बढ़ा दे। लोगों की मांग है कि इंसानों और वन्यजीवों के बीच किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सिस्टम द्वारा जरूरी कदम उठाए जाएं।
इंसानों के लिए शेर कितना खतरनाक?
ये बात चौंकाने वाली लग सकती है कि इंसानों के लिए खतरनाक होने के बावजूद शेर और शेरनी, इंसानों को अपना मुख्य शिकार नहीं मानते हैं। वह इंसानों पर हमला कर सकते हैं, उनकी जान ले सकते हैं और उन्हें खा सकते हैं, इसके बावजूद इंसान, उनकी पसंद का पहला शिकार नहीं है और ना ही मुख्य शिकार है।
नर शेर का वजन आमतौर पर 150–250 किलोग्राम तक होता है। वह एक ही हमले में इंसान का काम तमाम कर सकता है। शेर के सामने इंसान बिना हथियार के कुछ भी ताकत नहीं रखता है। शेर आमतौर पर इंसानों का शिकार नहीं करते और उनसे दूरी मेंटेन करते हैं।
शेर केवल घायल, बीमार, बूढ़ा या बहुत भूखा होने पर इंसानों पर हमला करते हैं। शिकार की कमी वाले इलाकों में जरूर ऐसा होता है कि शेर, इंसानों को अपना शिकार बनाते हैं। हालांकि ऐसा बहुत कम देखा गया है कि वह पूरी तरह इंसान खाने वाले जानवर बन जाएं।
इंसानों के लिए कितनी खतरनाक होती हैं शेरनी?
अगर वजन की बात करें तो वयस्क शेरनी का वजन आमतौर पर 110–180 किलोग्राम होता है। वह तेज, फुर्तीली और ताकतवर शिकारी होती हैं और ज्यादातर शिकार झुंड में करती हैं। चौंकाने वाली बात ये है कि वे नर शेर से ज्यादा तेज दौड़ सकती हैं। उनके पंजे मजबूत होते हैं। बिना हथियार के आम इंसान का शेरनी के सामने लगभग कोई मुकाबला नहीं होता।
शेरनियां आमतौर पर इंसानों से बचती हैं। वह इंसानों पर केवल तभी हमला करती हैं, जब वह घायल, बीमार या भूखी हों और सामान्य शिकार उपलब्ध ना हो। इसके अलावा वह अचानक इंसान से सामना होने पर घबराहट में या फिर उनके इलाके में इंसान के दखल देने पर हमला कर सकती हैं।
इससे पहले नवरात्र पर एक शेरनी मंदिर की रखवाली करती दिखी थी, IFS अधिकारी ने Video शेयर किया था। (रिपोर्ट- गिर सोमनाथ से मितेश परमार)
ये भी पढ़ें-
जंगल सफारी के दौरान शेरनी ने पर्यटकों के सामने किया लाइव शिकार, Video आया सामने