जंगल की दुनिया में हाथी को हमेशा से बुद्धिमान और संवेदनशील जानवर माना गया है। इस बात को सही साबित करता एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें एक हाथी तार से घेरे गए बाड़ को पार करने के लिए पहले तार को सावधानीपूर्वक चेक करता है फिर वह उसे पार कर आगे बढ़ता है। हाथी की यह समझदारी देख लोग हैरान रह गए।
पहले चेक किया फिर बढ़ा आगे
वीडियो में हाथी जिस तरह से तारों को छूकर उनकी जांच करता है, वह दर्शाता है कि वह अपने आसपास के खतरों को भांपने में सक्षम है। यह व्यवहार न केवल उसकी बुद्धिमत्ता को उजागर करता है, बल्कि इंसानों के लिए भी एक सबक है। आनंद महिंद्रा जैसे प्रमुख हस्तियों ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “हाथी का यह मास्टरक्लास हमें सिखाता है कि जोखिम उठाने से पहले स्थिति का आकलन करना कितना जरूरी है।”
पैरों से तार को टच कर लगाया करंट का पता
वीडियो में आप देख सकते हैं कि हाथी जंगल की तरफ से निकल कर सड़क के पास आ गया है। जहां वह तारों को लगा देख ठहर जाता है। करंट लगने के डर से पहले वह अपने पैरों से तार को टच कर देखता है कि कहीं इन तारों में करंट तो नहीं लगाया गया। दो-तीन बार सावधानीपूर्वक जांचने के बाद जब हाथी के दिल को इस बात की तसल्ली हो जाती है कि तार में करंट नहीं लगाया गया है। तभी वह आगे बढ़ता है। हाथी तार और खंभे को तोड़ते हुए आगे सड़क की ओर बढ़ जाता है और सड़क पार कर दूसरी तरफ चला जाता है।
वीडियो पर ऐसा रहा लोगों का रिएक्शन
इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @AMAZlNGNATURE नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है- “हाथी तार को हटाने से पहले सावधानीपूर्वक जांच रहा है कि कहीं इसमें करंट तो नहीं। जानवर बहुत समझदार होते हैं।” जिसे खबर लिखे जाने तक 38 लाख लोगों ने देखा और 43 हजार लोगों ने लाइक किया है। वीडियो पर तमाम लोगों ने कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा- "ये हाथी तो काफी तेज दिमाग वाला निकला।" दूसरे ने लिखा- "जब इंसानों ने हर जगह तार और बाड़ लगा दिए, तो जानवरों को भी अपनी बुद्धि का इस्तेमाल करना सीख लिया।" तीसरे ने लिखा- हाथी सुपर स्मार्ट है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें:
बैल हूं, बैलबुद्धि नहीं! टंकी का नल खोलकर पानी पीते नजर आए नंदी महाराज
चलती का नाम गाड़ी, जुगाड़ की मेहरबानी पर दौड़ रहे ऑटो का Video हुआ वायरल