एक साधारण सा कागज और कुछ स्याही की लकीरें हमें जिंदगी की ऐसी खुशियां देती हैं जिन्हें हम भूले नहीं भुला सकते। कुछ ऐसा ही मामला इस वक्त सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया, जहां एक एक्स आर्मी अफसर ने हाथ से लिखे अपने पुराने प्रेम पत्र का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया और उस पत्र से जुड़े यादगार किस्से को शेयर किया, जिसने हर किसी के दिल को छू लिया।
आर्मी अफसर ने शेयर किया अपना पुराना लव लेटर
इस एक्स आर्मी अफसर का नाम कैप्टन धर्मवीर सिंह है, जिन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर इस खास पत्र को शेयर किया। यह पत्र 10 दिसंबर 2001 को लिखा गया था, जब वे चेन्नई के ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी में नए-नए शामिल हुए थे। यह पत्र उनकी तत्कालीन प्रेमिका ने लिखा था। हालांकि अब वही प्रेमिका उनकी पत्नी हैं और वे उन्हें प्यार से 'ठकुराइन' कहते हैं।
लेटर के लिए मिलती थी सजा
कैप्टन धर्मवीर सिंह ने बताया कि यह कोई साधारण पत्र नहीं था। अकादमी में पत्र पाने के लिए कैडेट्स को कठिन मेहनत करनी पड़ती थी। सीनियर्स पत्र देने से पहले 100 से 500 तक पुश-अप्स करवाते थे। पत्र जितना लंबा, सजा उतनी ही कठिन। यह पत्र अच्छा-खासा लंबा था, इसलिए सजा भी भारी थी और सजा मिली 500 पुश-अप्स करने की।
पत्रों में हमेशा के लिए अमर हो जाते हैं रिश्ते
कैप्टन सिंह ने बताया कि यह उनके अकादमी जीवन का पहला पत्र था। उस समय पत्र लिखने और पढ़ने में जो भावनाएं होती थीं, वे आज भी उनके दिल में ताजा हैं। उन्होंने कहा, “वे पत्रों के सुनहरे दिन थे, जब लोग दिल से लिखते थे और भावनाएं उतनी ही गहरी रहती थीं।” कैप्टन ने लिखा, “क्या यह कमाल की बात नहीं कि एक पुराना पत्र आज भी इतना कुछ कह जाता है? शायद इसलिए कुछ रिश्ते पत्रों में हमेशा के लिए अमर रहते हैं।”
पोस्ट पर लोगों के कमेंट्स
अफसर के इस पोस्ट को अब तक 12 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं। पोस्ट पर तमाम लोगों के कमेंट्स भी आ चुके हैं, जहां लोगों ने इस खूबसूरत कहानी पर ढेर सारा प्यार लुटाया। एक यूजर ने लिखा, “इस पत्र में सिर्फ शब्द नहीं, बल्कि प्यार, भावनाएं और एक-दूसरे के लिए हर पल की सोच बसी है।” एक अन्य यूजर ने पत्र की एक पंक्ति को याद किया, जिसमें ठकुराइन ने लिखा था, “मुझे यह सोचकर नफरत है कि मेरे पत्रों की वजह से तुम्हें सजा मिल रही है।” यह लाइन लोगों को बेहद प्यारी लगी।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें:
एक बाइक पर सवार चार लड़के, हाथ में कट्टा लिए बनाई रील, बिजनौर का यह Video हुआ वायरल