दिल्ली मेट्रो की साफ-सफाई और आधुनिक व्यवस्था ने एक विदेशी टूरिस्ट को इतना प्रभावित किया कि उन्होंने इसे जापान और दक्षिण कोरिया से तुलना कर दी। इंस्टाग्राम पर @stefanocastiello नाम से पोस्ट करने वाले विदेशी ट्रैवल व्लॉगर स्टेफ ने अपना पहला अनुभव शेयर किया। वीडियो का कैप्शन था- “दिल्ली मेट्रो ने मुझे चौंका दिया।” यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
जापान और कोरिया से की तुलना
स्टेफ दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद न्यू दिल्ली स्टेशन के पास अपने होटल जाने के लिए मेट्रो का इस्तेमाल कर रहे थे। उन्होंने एयरपोर्ट स्टाफ से पहली बार “नमस्ते” कहने की कोशिश की और मेट्रो का रास्ता पूछा। स्टेशन में प्रवेश करते ही वे हैरान रह गए। उन्होंने कैमरे पर कहा, “सब कुछ साफ है। अगर मैं गलत नहीं हूं तो यह नई मेट्रो जैसी लग रही है। यह दक्षिण कोरिया या जापान जैसी भी हो सकती है। यह परफेक्ट है। लेकिन यह मुझे जापान वाली फील दे रही है। मेट्रो और एयरपोर्ट के रंग एक जैसे हैं।”
साफ-सफाई और चमक से हुए इंप्रेस
वीडियो में स्टेफ मेट्रो स्टेशन की चमक-दमक, साफ फर्श, आधुनिक डिजाइन और एयर कंडीशंड कोच की तारीफ करते नजर आते हैं। उन्होंने टॉयलेट की सुविधा का भी जिक्र किया। टिकट खरीदने पर उन्हें सिर्फ करीब 54 रुपये (लगभग 67 सेंट) का खर्च आया, जो उन्हें सस्ता लगा। उन्होंने कहा, “मुझे यकीन नहीं हो रहा कि मैं भारत में हूं।” स्टेफ ने मेट्रो को स्पॉटलेस, मॉडर्न और क्लीन बताया।
भारतीयों को हुआ गर्व
सोशल मीडिया पर इस वीडियो ने भारतीयों में गर्व की भावना जगाई। कई यूजर्स ने दिल्ली मेट्रो की व्यवस्था की तारीफ की और कहा कि विदेशी पर्यटकों की ऐसी प्रतिक्रियाएं देश की छवि सुधारती हैं। कुछ ने और जगहों की सिफारिश भी की। दिल्ली मेट्रो लंबे समय से अपनी स्वच्छता, सुरक्षा और सुविधाओं के लिए जानी जाती है। प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर, महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें और नियमित सफाई इसकी खासियत हैं।
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
कई लोग दिल्ली मेट्रो की स्वच्छता, एयर कंडीशनिंग और आधुनिक बुनियादी ढांचे को देखकर उनके आश्चर्य पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक व्यक्ति ने टिप्पणी की, "दिल्ली में भारतीय मेट्रो दुनिया की सर्वश्रेष्ठ मेट्रो में से एक है।"
दूसरे ने लिखा कि, "मेट्रो में एसी देखकर वह खुश हो गया।"
तीसरे ने लिखा कि, "मुझे एक विदेशी के नजरिए से भारत को देखना बहुत पसंद है… वैसे भारत में आपका स्वागत है… नमस्ते।"
एक और ने लिखा कि, "यह पुराना है, और देखने में ज्यादातर बिल्कुल नया लगता है। लेकिन यकीन मानिए, इनकी अच्छी तरह से देखभाल की गई है।"
गौरतलब है कि, इससे पहले दिल्ली मेट्रो को लंदन की अंडरग्राउंड से सेफ बताती विदेशी महिला का वीडियो वायरल हुआ था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -