Viral Photo: हैदराबाद में एक साधारण सी घटना ने सोशल मीडिया को भावुक कर दिया है। हैदराबाद के लेखक और ड्राइविंग इंस्ट्रक्टर नरेश ने अपने ड्राइवर और घरेलू सहायक (मेड) के साथ 'टीम लंच' का आयोजन किया। उन्होंने इस पल की तस्वीर शेयर की, जिसमें तीनों एक डाइनिंग टेबल पर बैठकर केमा पराठा खा रहे हैं। यह फोटो और पोस्ट मात्र कुछ घंटों में वायरल हो गया और हजारों यूजर्स का दिल जीत लिया।
एक्स पर शेयर की फोटो
इस फोटो को एक्स पर @TopDriverIndia नामक हैंडल से शेयर किया गया है। इसके कैप्शन में लिखा गया कि, 'दो-तीन महीने में एक बार, मैं अपने स्टाफ के साथ टीम लंच करता हूं, जिसमें मेरा ड्राइवर और मेरी मेड शामिल हैं। शुरू में तो वे सालों की सोच की वजह से डाइनिंग टेबल पर बैठने से कतराते थे! भारत में यह वर्ग-व्यवस्था खत्म होनी चाहिए। भगवान के लिए, ये 2026 है।'
आखिर क्यों वायरल हुई पोस्ट
गौरतलब है कि, आज वर्तमान में भारत में कई घरों में नौकर-मालिक की दीवार मजबूत है। लोग अक्सर ड्राइवर, बर्तन मांझने वाले या घरेलू सहायकों को अलग बर्तन में खाना परोसते हैं। नरेश का यह छोटा सा प्रयास लोगों को सोचने पर मजबूर कर रहा है कि इंसानियत और बराबरी के मूल्य कितने महत्वपूर्ण हैं। सोशल मीडिया यूजर्स इसे 'दिल छू लेने वाली' घटना बता रहे हैं। कई ने कहा कि अमीर-गरीब की खाई को पाटने के लिए ऐसे उदाहरणों की जरूरत है।
पोस्ट पर यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
जैसे ही पोस्ट वायरल हुआ, कमेंट्स की बाढ़ आ गई। कई लोगों ने नरेश की तारीफ करते हुए लिखा कि छोटी-छोटी हरकतें समाज को बदल सकती हैं। एक यूजर ने लिखा, 'बिल्कुल जरूरी है।' दूसरे ने कहा, 'मैंने भी अपने वॉचमैन और उसके परिवार के साथ ऐसा ही करने की कोशिश की।' तीसरे ने लिखा कि, 'बिल्कुल आवश्यक।'
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
वंदे भारत से कितनी अलग है हाइड्रोजन ट्रेन ? स्पीड, लागत या डिजाइन कौन सी चीज है सबसे बेस्ट