1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. जब स्पोर्ट्समैन के सूटकेस से निकला ‘INDIA’ लिखा ब्लेजर, खुशी से उछल पड़ी फैमिली; मां ने कही बेहद खास बात

जब स्पोर्ट्समैन के सूटकेस से निकला ‘INDIA’ लिखा ब्लेजर, खुशी से उछल पड़ी फैमिली; मां ने कही बेहद खास बात

 Written By: Shaswat Gupta
 Published : Oct 23, 2026 12:59 pm IST,  Updated : Oct 23, 2026 12:59 pm IST

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पोस्ट काफी वायरल हो रही है। इस पोस्ट में एशियन गेम्स में कमाल करने वाले अंतर्राष्ट्रीय कयाकर प्रद्युम्न सिंह राठौड़ अपनी फैमिली को सरप्राइज देते दिख रहे हैं।

International Kayaker Player, Viral Video, Viral News, Pradhyumna Singh Rathod - India TV Hindi
फैमिली का रिएक्शन वायरल। Image Source : IG/@PRADHYUMNA.SINGH.RATHOD

खेल की दुनिया में टीम इंडिया का ब्लेजर सिर्फ कपड़ा नहीं होता। यह सालों की तपस्या, त्याग और सपनों का प्रतीक होता है। इंदौर के बेटे प्रद्युम्न के लिए यह ब्लेजर उसी मेहनत का इनाम है जो उन्होंने पानी के तेज बहाव में बिताए। अब अंतरराष्ट्रीय कयाकर प्रद्युम्न सिंह राठौड़ का घर वापसी वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एशियन गेम्स से लौटने के बाद जब उन्होंने अटैची खोली तो उसमें से ‘INDIA’ लिखा ब्लेजर निकला। मां की प्रतिक्रिया इतनी भावुक थी कि इंटरनेट भी रो पड़ा। मां ने ब्लेजर को चूमते हुए कहा कि यह तुम्हारी चार साल की मेहनत है।  

इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो 

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @pradhyumna.singh.rathod नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में प्रद्युम्न घर के अंदर एंटर करते हैं और सबसे पहले मां के गले लग जाते हैं। इसके बाद मां अटैची खोलती हैं। जैसे ही ब्लेजर का कवर नजर आता है, उनके चेहरे पर हैरानी और खुशी के भाव छा जाते हैं। वे कहती हैं, “ब्लेजर है क्या इंडिया का?” फिर चेन खोलती हैं और सामने ‘INDIA’ लिखा लोगो दिखता है। मां बार-बार हाथ फेरती हैं और खुशी से भर जाती हैं। उनकी खुशी ऐसी लगती है मानो सातवें आसमान पर पहुंच गई हों।  

'ये तेरी सच्ची की कमाई है'

इसके बाद प्रद्युम्न की मां ‘INDIA’ वाले लोगो को चूम लेती हैं। वे भावुक स्वर में कहती हैं, “ये तेरी सच्ची की कमाई है। पूरे 4 साल की मेहनत है तुम्हारी।” ब्लेजर के साथ वे कई पोज भी देती हैं। यह पल इतना भावुक था कि देखने वाले भी आंसू नहीं रोक पाए। 

एशियन गेम्स 2026 में भारत को किया रीप्रेजेंट  

प्रद्युम्न सिंह राठौड़ कैनो स्लैलम (कायाकिंग) के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। उन्होंने एशियन गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व किया। मेन्स कायाक सिंगल फाइनल में उन्होंने छठा स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि उनके लंबे संघर्ष का नतीजा है। उन्होंने सालों की मेहनत के बाद टीम इंडिया का ब्लेजर पहना। माता-पिता ने हर कदम पर उनका साथ दिया- भावनात्मक, मानसिक और आर्थिक रूप से। प्रद्युम्न खुद कह चुके हैं कि माता-पिता उनकी रीढ़ हैं। बिना उनके यह संभव नहीं होता।  

यूजर्स भी हुए इमोशनल 

यह वीडियो प्रद्युम्न ने खुद शेयर किया। सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे देखकर भावुक प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने लिखा कि मां-बेटे का यह रिश्ता आंसू ला देता है। कुछ ने कहा, “मैं भी रो रहा हूं।” कई ने माता-पिता के समर्थन और खिलाड़ी की मेहनत की तारीफ की। वीडियो में मां की मासूम खुशी और गर्व साफ झलकता है। कई यूजर्स ने लिखा कि, यह वीडियो याद दिलाता है कि सफलता सिर्फ मैदान की नहीं होती। घर का समर्थन और माता-पिता का आशीर्वाद भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है।   

गौरतलब है कि, इससे पहले Google में सक्सेस मिलने के बाद मां को सरप्राइज देते बेटे का वीडियो भी वायरल हुआ था। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -   

मां को पहली बार हवाई यात्रा कराते ही गदगद हुई बेटी, फेवरेट मेमोरी को Video में किया कैद; देखें रिएक्शन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।