1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. ये कैसी आफत! फ्री मिठाई मांग रहे इंफ्लुएंसर को लोगों ने कैश ऑन डिलीवरी पर भेजा लाखों का सामान, कहा-'पेमेंट कर देना'

ये कैसी आफत! फ्री मिठाई मांग रहे इंफ्लुएंसर को लोगों ने कैश ऑन डिलीवरी पर भेजा लाखों का सामान, कहा-'पेमेंट कर देना'

 Written By: Shaswat Gupta
 Published : Oct 14, 2026 08:54 am IST,  Updated : Oct 14, 2026 08:54 am IST

मदुरै के एक इंस्टाग्राम क्रिएटर ने दिवाली की मिठाइयों के लिए अपने घर का एड्रेस शेयर ​कर दिया। इसके बाद शरारती तत्वों ने उनके घर पर कैश ऑन डिलीवरी (COD) ऑर्डर की बाढ़ ला दी।

madurai influencer video, madurai influencer Diwali sweet video, madurai influencer free gift video,- India TV Hindi
मदुरै का इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर। Image Source : IG/@VEERAMANI_121

तमिलनाडु के मदुरै में रहने वाले इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर वीरमणि के लिए दिवाली की मिठाई मांगना भारी पड़ गया। उन्होंने फॉलोअर्स से मिठाई का डिब्बा भेजने की अपील की और अपना फोन नंबर व घर का पता सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। लेकिन मिठाई की जगह उनके घर पर कैश ऑन डिलीवरी (COD) पर टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन जैसे महंगे सामान पहुंचने लगे। परेशान होकर उन्होंने मजाक बंद करने की गुहार लगाई और अंत में शहर छोड़ने का फैसला किया। 

मिठाई का डिब्बा मांगने पर आई आफत

वीरमणि मदुरै के अनुप्पनाडी इलाके के रहने वाले हैं और स्थानीय अंदाज में हास्य वीडियो बनाने के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले उन्होंने केरल यात्रा के लिए मदद मांगी थी, तो फॉलोअर्स ने 6,000 रुपये जुटाकर उनकी इच्छा पूरी की थी। दिवाली नजदीक आने पर उन्होंने फिर से अपील की और सिर्फ मिठाई का डिब्बा मांगा। पता सार्वजनिक होते ही कुछ शरारती तत्वों ने इसका गलत इस्तेमाल शुरू कर दिया।  

घर पहुंचा लाखों का सामान

कुछ ही समय में ई-कॉमर्स डिलीवरी एजेंट उनके घर पहुंचने लगे। सामान में रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, स्मार्टफोन और टेलीविजन शामिल थे। एक टीवी का ऑर्डर करीब 1.69 लाख रुपये का बताया गया। सभी ऑर्डर COD पर थे, यानी डिलीवरी के समय भुगतान मांगा जा रहा था। वीरमणि ने न तो ये सामान ऑर्डर किए थे और न ही उनके पास इतना पैसा था। ओटीपी भी नहीं दे पा रहे थे। आधे घंटे में करीब 15 डिलीवरी पहुंच गईं। दावा है कि, फूड डिलीवरी एप से भी अनचाहे फूड ऑर्डर आने लगे थे। 

​किसी ने आर्मी टैंक-JCB भी भेजे

सोशल मीडिया पर कुछ लोग और आगे बढ़ गए। स्क्रीनशॉट शेयर कर दावा किया गया कि 70 करोड़ रुपये के सैन्य टैंक, जेसीबी मशीन, एम्बुलेंस और रॉकेट तक के ऑर्डर किए गए। किसी ने किडनी डोनेशन के लिए उनका नंबर भी प्रसारित कर दिया। ये दावे सत्यापित नहीं हैं, लेकिन इनसे वीरमणि की परेशानी बढ़ गई।  

इंफ्लुएंसर ने गिड़गिड़ाकर की अपील

परेशान वीरमणि ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर अपील की। एक वीडियो में उन्होंने कहा, “आप लोग ऐसा क्यों कर रहे हैं? डिलीवरी वाले इतनी दूर से आ रहे हैं। ऐसा करना बंद करो। आधे घंटे में 15 ऑर्डर आ गए और मेरे पास इतना पैसा नहीं है।” दूसरे वीडियो में उन्होंने कहा, “मैं आपके पैरों में गिरकर कह रहा हूं। कृपया ऑर्डर भेजना बंद करें।” उन्होंने डिलीवरी कर्मचारियों की भी बात की, जो बेवजह परेशान हो रहे थे। वे बोले कि, “उनकी कोई गलती नहीं, फिर भी मुझे डांट पड़ रही है। मैं सिर्फ भीख मांग रहा हूं।” 

शहर छोड़ने का लिया फैसला

अपील के बावजूद ऑर्डर रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। फोन कॉल और डिलीवरी से तंग आकर वीरमणि ने कहा कि वह शहर से बाहर जा रहे हैं। “मैं शहर छोड़ रहा हूं। लाखों के ऑर्डर के बाद कई लोग मुझे परेशान कर रहे हैं।” दावा है कि, उनके घर का दरवाजा बंद मिला और पड़ोसियों ने बताया कि उन्होंने घर खाली कर दिया है। 

गौरतलब है कि इससे पहले दावत में बच्चे की प्लेट से रसगुल्ला छीनने का प्रैंक भी वायरल हुआ था। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -

जब सड़क पर स्कूटी लेकर उतरा विशालकाय 'पांडा', देखते ही लोगों के उड़े होश; Video हो रहा वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।