1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. स्कूल ने 5वीं क्लास की बुक्स के लिए वसूले 7000 रुपए, नाराज पिता ने Video बनाकर लगा दी क्लास

स्कूल ने 5वीं क्लास की बुक्स के लिए वसूले 7000 रुपए, नाराज पिता ने Video बनाकर लगा दी क्लास

 Written By: Pankaj Yadav @ThePankajY
 Published : Apr 06, 2025 07:02 pm IST,  Updated : Apr 06, 2025 07:02 pm IST

सोशल मीडिया पर एक शख्स का वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है। जहां वह प्राइवेट स्कूलों द्वारा महंगी किताबें बेचे जाने की आलोचना करते नजर आ रहा है। वीडियो में शख्स ने आज की शिक्षा प्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।

बच्चे की किताबों के महंगे दामों को लेकर शख्स ने बनाया वीडियो- India TV Hindi
बच्चे की किताबों के महंगे दामों को लेकर शख्स ने बनाया वीडियो Image Source : SOCIAL MEDIA

आज के समय में शिक्षा और स्वास्थ्य इतनी महंगी हो चुकी हैं कि लोगों को इसकी कीमत चुकाने के लिए 10 बार सोचना पड़ता है। नौकरी वाले इंसान की पूरी कमाई बच्चों की पढ़ाई में ही निकली जा रही है। जिसकी इनकम कम है तो वह इस दौर में बच्चों को पढ़ाने के बारे में सोच भी नहीं सकता। प्राइवेट स्कूलों की फीस लाख-लाख रुपए से भी ऊपर है। फीस के अलावा बच्चों की किताबें और तमाम तरह के ड्रेस भी इतने महंगे हैं कि अगर इन्हें खरीद लें तो महीने का बजट डगमगा जाएगा। 

मिडिल क्लास का खून चूस ले रहे हैं प्राइवेट स्कूल वाले

बढ़ती महंगाई के साथ-साथ स्कूलों में मची लूट ने अभिभावकों के सिर का बोझ चार गुना कर दिया है। जरूरी चीजों की कीमतों ने पहले ही मिडिल क्लास पर पैसों का दबाव बना रखा है तो अब स्कूल वालों ने भी इनका खून चूसना शुरू कर दिया है। बच्चों के स्कूल की महंगी किताबों की कीमत सुनकर लोगों का दम फुला जा रहा है। हाल में इसी सदमे से पीड़ित एक व्यक्ति का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। जिसमें एक शख्स ने बच्चों की महंगी शिक्षा और प्राइवेट स्कूलों की लूट पर तंज कसा है। शख्स ने वीडियो में प्राइवेट स्कूलों पर हद से ज्यादा महंगी किताबें बेचने का आरोप लगाते हुए उनकी आलोचना की है।

पांचवी के बच्चे की स्कूल की किताबों का खर्च करीब 7000 रुपए

वीडियो में शख्स को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, "आज मैं पांचवी कक्षा के बच्चे की किताब लाया हूं। इन किताबों की खास विशेषता है कि इन किताबों का कवर चांदी से बना हुआ है।" फिर वह किताब के कवर को छूकर दिखाता है और कहता है कि, "अच्छा तो अगर ये किताबें चांदी से नहीं बनी तो फिर इन किताबों में बनी तस्वीरों पर चांदी की बर्क तो जरूर चढ़ी हुई है।" जब किताब की तस्वीरों में चांदी की बर्क नहीं मिली तो वह शख्स बोलता है कि, "ये एक जादुई किताब है। जिसे बच्चे जैसे ही छूते हैं, वैसे ही किताब की सारी जानकारी अपने आप बच्चों के दिमाग में बैठ जाती हैं।" इसके बाद वह शख्स कैमरे के सामने सवाल पूछते हुए कहता है कि अगर ऐसा भी नहीं है तो फिर इन किताबों की कीमत 6905 रुपए क्यों है?

शख्स ने शिक्षा प्रणाली पर उठाएं सवाल

इसके बाद शख्स शिक्षा प्रणालियों पर सवाल उठाते हुए कहता है कि जब नई शिक्षा नीति के तहत 'एक देश, एक कक्षा, एक पाठ्यक्रम और एक पब्लिकेशन' की बात की गई है, इसके बावजूद भी ये प्राइवेट स्कूल इतनी महंगी किताबें क्यों बेच रहे हैं। ये स्कूल बच्चों के बैग का बोझ बढ़ाने के साथ-साथ माता-पिता की जेब पर भी बोझ डाल रहे हैं। ये प्राइवेट स्कूल किताबों का दाम बढाकर  मिडिल क्लास पेरेंट्स का दिवाला निकाल रहें हैं।  

शख्स का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

शख्स के इस वायरल वीडियो को सोशल साइट एक्स पर बिट्टू शर्मा नाम के यूजर ने अपने अकाउंट @common000786Om से शेयर किया है। जिसे खबर लिखे जाने तक लाखों लोगों ने इसे देखा और हजारों ने लाइक किया है। वीडियो पर तमाम लोगों के रिएक्शन भी सामने आए हैं। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा- लूट रहे हैं सर... मुझे तो लाखों रुपए शिक्षा में खर्च करने पड़ते हैं। दूसरे ने लिखा- बेटे की किताबें लेने गया तो उनका रेट सुनकर दंग रह गया... जितने में मैं पूरी पढ़ाई कर चुका हूं, उतने में तो एक साल का खर्च बनता है उनका। तीसरे ने लिखा- हमारे समय में पूरी ज़िन्दगी की पढ़ाई एक तरफ और अब इन स्कूलों की फीस एक तरफ। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें:

किसी दूसरी दुनिया की लगती है धरती पर मौजूद ये चीज, मानो प्रकृति ने खुद बनाई हो यह कलाकृति

100 साल से भी ज्यादा वक्त से जल रहा है ये बल्ब, जानें अब तक यह खराब क्यों नहीं हुआ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।