Elephant Attack Viral Video: ओडिशा के ढेंकानाल जिले से एक बेहद डरावनी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक जंगली हाथी ने एक व्यक्ति पर हमला कर दिया था। हाथी ने उस शख्स को मौत के मुंह में लगभग धकेल ही दिया था, लेकिन वह किसी तरह जान बचाने में कामयाब रहा। यह पूरी घटना मोबाइल में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वायरल वीडियो को देखकर कई लोगों के रोंगटे खड़े हो गए और कई तो इस बात पर हैरान ही रह गए कि आखिर शख्स हाथी के हमले में बच कैसे गया।
Related Stories
हाथी विद्याधर को जमीन पर गिराकर रौंदने लगा
घटना गोविंदपुर थाना क्षेत्र के तालाबरकोट इलाके में मंगलवार को हुई। घायल व्यक्ति की पहचान खुंटुकटा साही गांव के निवासी विद्याधर बेहरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को विद्याधर का सामना अचानक एक जंगली हाथी से हो गया। जैसे ही दोनों आमने-सामने आए, हाथी ने उन पर हमला बोल दिया। हाथी ने विद्याधर को जमीन पर गिरा दिया और फिर अपने भारी पैरों से उन्हें कुचलने की कोशिश की। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि हाथी व्यक्ति को बार-बार रौंदने की कोशिश कर रहा है। देखने वाले हैरान रह गए कि इस खतरनाक हालत में भी व्यक्ति की जान कैसे बची।
विद्याधर के सिर, हाथों और पैरों में लगी चोट
राहत की बात यह रही कि हाथी कुछ ही समय बाद वहां से हट गया। इस मौके का फायदा उठाकर विद्याधर किसी तरह उठ खड़े हुए और वहां से तेजी से भाग निकले। हमले में विद्याधर को पैरों, हाथों और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद उन्हें ढेंकानाल जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है, हालांकि लोग इस बात को लेकर राहत भी महसूस कर रहे हैं कि हमले में विद्याधर बच गए। (इनपुट: शुभम कुमार)