1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. हाथी के साथ सेल्फी लेना पड़ गया महंगा, बाइक सवार युवकों को दौड़ाया, VIDEO हुआ वायरल

हाथी के साथ सेल्फी लेना पड़ गया महंगा, बाइक सवार युवकों को दौड़ाया, VIDEO हुआ वायरल

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Feb 09, 2026 05:47 pm IST,  Updated : Feb 09, 2026 05:47 pm IST

उत्तराखंड के रामनगर में एक हाथी ने बाइक सवार युवकों को दौड़ा लिया। ये युवक हाथी के साथ सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे थे। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।

elephant- India TV Hindi
बाइक सवार युवक को दौड़ाता हाथी Image Source : REPORTER INPUT

रामनगर: उत्तराखंड के रामनगर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक हाथी के साथ सेल्फी लेना बाइक सवार युवकों को महंगा पड़ गया। हाथी ने बाइक सवार युवकों को रोड पर दौड़ा लिया। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। 

क्या है पूरा मामला?

रामनगर स्थित कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज में वन्यजीवों के प्रति लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। जंगल से निकलकर सड़क पर पहुंचे एक टस्कर हाथी के साथ दो बाइक सवार युवकों द्वारा फोटो और वीडियो बनाना लगभग जानलेवा साबित हो गया था। यह पूरी घटना वहां मौजूद एक व्यक्ति द्वारा मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड की गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

घटना शनिवार की बताई जा रही है, जब ढेला रेंज की सड़क पर एक हाथी जंगल से निकलकर कुछ देर तक खड़ा रहा। इसी दौरान बाइक से गुजर रहे दो युवक हाथी को देखकर रुक गए और उसके काफी नजदीक जाकर फोटो व वीडियो बनाने लगे। वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि आसपास मौजूद लोग युवकों को हाथी से दूरी बनाए रखने और उसे परेशान न करने की लगातार चेतावनी दे रहे थे।

लगातार छेड़छाड़ से हाथी अचानक आक्रामक हुआ

इसके बावजूद दोनों युवक नहीं माने और हाथी के बेहद करीब पहुंचते रहे। लगातार छेड़छाड़ और नजदीकी गतिविधियों से हाथी अचानक आक्रामक हो गया। गुस्साए टस्कर ने चिंघाड़ते हुए बाइक सवार युवकों की ओर दौड़ लगा दी और कुछ दूरी तक उनका पीछा भी किया। गनीमत रही कि दोनों युवक समय रहते बाइक लेकर वहां से भाग निकले, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। 

अगर जरा सी भी चूक होती तो यह घटना गंभीर जान-माल के नुकसान में बदल सकती थी। इस घटना के सामने आने के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो अधिवक्ता मदन मेहता द्वारा अपने फेसबुक अकाउंट पर साझा किया गया, जिसके बाद लोगों के बीच इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। 

अधिकांश लोग इसे वन्यजीव सुरक्षा नियमों की अनदेखी और लापरवाही का उदाहरण बता रहे हैं। 

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के एसडीओ अमित ग्वासिकोटी ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा की दृष्टि से सड़क के दोनों ओर यातायात को तुरंत रोक दिया गया। जब हाथी जंगल की ओर वापस चला गया, तब जाकर यातायात को दोबारा शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि बाइक सवार युवक घटना के बाद मौके से जा चुके थे और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

एसडीओ ने लोगों से अपील की है कि जंगल क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही न करें। वन्यजीवों के व्यवहार में लगातार बदलाव आ रहा है और उन्हें परेशान करना जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखना ही मानव और पशु दोनों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। (रिपोर्ट: रामनगर से नाहिद खान)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।