Thursday, February 26, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. VIDEO: ये है दुनिया की सबसे बुजुर्ग घोड़ी, जानें कितनी है उम्र, गधे को बनाया है अपना दोस्त

VIDEO: ये है दुनिया की सबसे बुजुर्ग घोड़ी, जानें कितनी है उम्र, गधे को बनाया है अपना दोस्त

Edited By: Vineet Kumar Singh @VickyOnX Published : Feb 26, 2026 06:05 pm IST, Updated : Feb 26, 2026 06:05 pm IST

अमेरिका के वर्जीनिया में रहने वाली 37 साल की घोड़ी फैंसी को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने दुनिया की सबसे बुजुर्ग जीवित घोड़ी घोषित किया है। 1 अप्रैल 1988 को जन्मी फैंसी ने कई स्वास्थ्य चुनौतियों के बावजूद अभी भी खुलकर जी रही है।

फैंसी दुनिया की सबसे...- India TV Hindi
Image Source : WWW.GUINNESSWORLDRECORDS.COM फैंसी दुनिया की सबसे बुजुर्ग घोड़ी है।

न्यूयॉर्क: क्या आप बता सकते हैं कि एक घोड़ा अधिकतम किस उम्र तक जिंदा रह सकता है? अगर नहीं पता तो हम बता देते हैं, एक घोड़ा औसतन 25 से 30 साल की उम्र तक ही जिंदा रहता है। हालांकि अमेरिका के वर्जीनिया राज्य में रहने वाली एक खूबसूरत भूरी घोड़ी 'फैंसी' ने अब दुनिया के सबसे बुजुर्ग जीवित घोड़े या घोड़ी का खिताब जीत लिया है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इसे आधिकारिक तौर पर मान्यता दी है। बता दें कि फैंसी की उम्र 26 फरवरी 2026 को 37 साल और 331 दिन हो गई। खास बात यह है कि फैंसी और उसकी मालकिन पेज सिग्मॉन ब्लूमर का जन्म 1 अप्रैल को ही हुआ था।

ट्रेसीज लिल क्लेबर्ग है फैंसी का पूरा नाम

फैंसी का जन्म 1 अप्रैल 1988 को हुआ था जबकि पेज 1 अप्रैल 1992 में पैदा हुई थीं। फैंसी का पूरा नाम ट्रेसीज लिल क्लेबर्ग है, लेकिन प्यार से इसे फैंसी कहा जाता है। यह पिछले 3 दशकों से अपनी मालकिन पेज सिग्मॉन ब्लूमर के साथ रह रही है। जब पेज सिर्फ 8 साल की थीं, तब उनके माता-पिता 14 जून 2000 को फैंसी को घर लाए थे। दोनों का जन्मदिन भी एक होने की वजह से इनका रिश्ता और भी खास है। पेज बताती हैं, 'मैं कभी विश्वास नहीं करती थी कि 33 और 37 साल की उम्र में भी मैं और फैंसी साथ होंगी और इतनी सारी यादें बनाएंगी।'

Oldest Horse in World, Oldest Living Horse in World
Image Source : WWW.GUINNESSWORLDRECORDS.COMफैंसी और पेज की दोस्ती कई साल पुरानी है।

'बहुत मजबूत इरादों वाली घोड़ी है फैंसी'

पेज के मुताबिक, फैंसी बहुत मजबूत इरादों वाली घोड़ी है। उम्र बढ़ने के साथ उसने कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना किया, लेकिन कभी हारी नहीं। पेज कहती हैं, 'वह कभी हार नहीं मानती और मैं भी उससे कभी हार नहीं मानती।' फैंसी की मुलाकात पेज से सबसे पहले वर्जीनिया के लकेट्स में स्थित एक ट्रेनिंग फैसिलिटी में हुई थी। तब उसका नाम 'जोसी वेल्स' था। ट्रेनर ने बताया कि फैंसी को कोलोराडो से खरीदा गया था। एक बार उसने ट्रेनर की पत्नी की जान बचाई थी। ट्रेल पर सवारी के दौरान तेज तूफान आया और पास के बर्न से मेटल की बड़ी चादर उड़कर उनकी ओर आई, लेकिन फैंसी डरी नहीं और उन्हें सुरक्षित जगह तक ले गई।

फैंसी का साथ देता है रोसी नाम का गधा

पेज कहती हैं, 'मैं फैंसी से पहली मुलाकात में ही उसकी ताकत और प्यार भरी मौजूदगी से प्रभावित हो गई। मैं हमेशा उस पर भरोसा करती रही कि वह किसी भी स्थिति में मेरा ख्याल रखेगी। उसकी वफादारी कभी नहीं डगमगाई।' अब फैंसी की आंखों की रोशनी कम हो गई है, इसलिए परिवार ने उसके लिए एक छोटा गधा 'रोसी' खरीदा है, जो उसका देखभाल करने वाला दोस्त बन गया है।  पेज हंसते हुए कहती हैं, 'फैंसी और रोसी एक-दूसरे के साथ बहुत अच्छे दोस्त बन गए हैं। लगता है वे दोपहर में बैठकर यह चर्चा करते होंगे कि शरीर का कौन सा अंग दर्द कर रहा है या वे पुराने अच्छे दिनों की बातें करते होंगे।'

Oldest Horse in World, Oldest Living Horse in World
Image Source : WWW.GUINNESSWORLDRECORDS.COMफैंसी एक गधे रोसी के साथ अच्छा वक्त बिता रही है।

फैंसी ने तोड़ा है अमेरिकन घोड़े का रिकॉर्ड

पेज ने बताया कि गर्मियों में फैंसी और रोसी हफ्ते में एक बार स्पा डे भी मनाते हैं, और अपने साबुन लगे शरीर को पोंछने के लिए वे कीचड़ में लोटती हैं। फैंसी की वीडियो देखकर उसकी हालत पर यकीन नहीं होगा कि इतनी उम्र में भी वह कितनी जोश से जी रही है! पेज ने फैंसी की उम्र का सबूत देकर गिनीज में आवेदन किया था। इससे पहले यह रिकॉर्ड अमेरिका के ही बास्कलैड नाम के घोड़े के नाम था, जो 26 जनवरी 1987 को पैदा हुआ था और पिछले साल 38 साल की उम्र में चल बसा। फैंसी ने उस रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement