1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. पुलिस ने किया मनचलों का 'स्पेशल ट्रीटमेंट', बदल दिया हुलिया, मंगवाई माफी, रील के चक्कर में पहुंचे सलाखों के पीछे

पुलिस ने किया मनचलों का 'स्पेशल ट्रीटमेंट', बदल दिया हुलिया, मंगवाई माफी, रील के चक्कर में पहुंचे सलाखों के पीछे

 Reported By: Anurag Amitabh, Edited By: Niraj Kumar
 Published : Jan 25, 2026 11:09 pm IST,  Updated : Jan 25, 2026 11:14 pm IST

नरसिंहपुर में मनचलों के लिए यह एक बड़ा सबक है। पुलिस ने राह चलती लड़कियों पर फब्तियां कसने वाले दो मनचलों का हुलिया बदल दिया। अच्छे खासे दिखने वाले दोनों मनचलों को कार्टून कैरेक्टर की तरह बना डाला। फिर दोनों हाथ जोड़कर अपनी गलती के लिए माफी मांगते नजर आए।

Eve teaser- India TV Hindi
माफी मांगते दोनों मनचले Image Source : INDIA TV

नरसिंहपुर: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में सोशल मीडिया पर फेमस होने की चाहत दो मनचलों को भारी पड़ गई। मजाक के नाम पर महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले मनचलों को इस बार पुलिस ने ऐसा सबक सिखाया जो उनको जिंदगी भर याद रहेगा। दो मनचलों को स्कूली छात्राओं के साथ बदतमीजी करना और उसका वीडियो बनाकर वायरल करना इतना भारी पड़ा कि अब वे कान पकड़कर माफी मांग रहे हैं।

क्या है पूरा मामला? 

दरअसल, दो दिन पहले नरसिंहपुर बस स्टैंड पर बाइक पर सवार होकर दो युवक राजेंद्र लोधी और अर्पित सेन राह से गुजरती स्कूली छात्राओँ पर अभद्र टिप्पणियां कर रहे थे। इन दोनों ने अपनी इन बेहूदा हरकतों का न सिर्फ वीडियो बनाया बल्कि उसे सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर दिया। इन दोनों का मकसद लाइक्स और व्यूज बटोरना था। लेकिन ये लाइक्स और व्यूज इन दोनों पर भारी पड़ गए। 

पुलिस ने बदल दिया हुलिया

जैसे ही इन दोनों का वीडियो वायरल हुआ और नरसिंहपुर एसपी के संज्ञान में आया पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई। स्टेशनगंज पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी मदद से आरोपियों को डांगीढ़ना गांव से धर दबोचा। इसके बाद पुलिस ने दोनों को अच्छे से सबक सिखाया। पुलिस ने इन मनचलों की हेकड़ी निकालने के लिए उनका हुलिया ही बदल दिया। 

कार्टून की तरह नजर आने लगे दोनों

पुलिस ने दोनों आरोपियों के सिर को जगह-जगह से मुंडवा दिया गया और उनके सिर पर चोटियां बनवा दी। कुछ इस तरह से दोनों का चेहरा हो गया कि वे किसी कार्टून के हास्य कैरेक्टर की तरह नजर आने लगे । इसके बाद पुलिस ने उसी इलाके में इनका पैदल जुलूस निकाला, जहां इन्होंने छात्राओं को परेशान किया था।

फब्तियां कसने वाले हाथ जोड़ने लगे

इसके बाद दोनों को एक कैमरे के सामने लाया गया जहां वे कांपती आवाज में हाथ जोड़ कर माफी मांगते हुए नजर आए।  जिस रील के जरिए ये अपनी "मर्दानगी" दिखा रहे थे, गिरफ्तारी के बाद उसी सोशल मीडिया हैंडल पर इन्हें माफीनामा डालना पड़ा। कांपती आवाज और हाथ जोड़कर दोनों आरोपी यह कहते हुए नजर आए, "दीदी लोगों को हमने जो गलत कमेंट बोले थे, उसके लिए हम माफी मांगते हैं.. आज के बाद ऐसा कभी नहीं करेंगे।" पुलिस का सख्त संदेश नरसिंहपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों के साथ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।