भारतीय रेलवे से जुड़े वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होते हैं। हाल ही में 'सुहागरात कोच' सुर्खियों में रहा था, जिसमें ट्रेन के कोच को न्यू कपल के लिए सजाया गया था और अब एक ट्रेन के अंदर पूजा का वीडियो सामने आया है, जिसमें ट्रेन के अंदर विधिवत पूजा की जा रही है।
इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर नई बहस शुरू हो गई है और कई लोगों ने ये सवाल खड़े किए हैं क्या रेलवे के कोच के अंदर इस तरह धार्मिक अनुष्ठान किया जा सकता है? अब इस मामले में रेलवे की प्रतिक्रिया सामने आई है। रेलवे ने इस मामले पर अपनी सफाई पेश की है।
रेलवे ने वायरल वीडियो पर क्या कहा?
वीडियो के वायरल होने के बाद, नॉर्दर्न रेलवे ने साफ किया है कि ये धार्मिक अनुष्ठान एक प्राइवेट तौर पर बुक की गई सैलून कार के अंदर की गई थीं और यह कोच IRCTC के साथ कमर्शियल बुकिंग के जरिए अलॉट किया गया था। दरअसल नॉर्दर्न रेलवे के आधिकारिक X अकाउंट ने जवाब मांग रही एक पोस्ट का जवाब देते हुए कहा कि पूजा एक स्पेशल सैलून कार के अंदर हुई थी।
नॉर्दर्न रेलवे ने बताया कि ये धार्मिक कार्यक्रम किसी आम पैसेंजर कोच में नहीं किया जा रहा था बल्कि एक सैलून कार में हुआ था, जिसे IRCTC के जरिए एक प्राइवेट पार्टी ने बुक किया था। ट्रेन में सैलून कार एक प्राइवेट और शानदार रेल कोच होती हैं, जिसे ऊंचे ओहदे वाले अधिकारियों और VIPs के लिए बनाया जाता है। इसमें एयर-कंडीशंड बेडरूम, एक छोटी रसोई (किचनेट), लिविंग और डाइनिंग रूम, अटैच्ड वॉशरूम और दूसरी कई सुविधाएं होती हैं।

कमर्शियल बुकिंग के लिए 3 लाख रुपए से ज्यादा का पेमेंट हुआ
रेलवे ने ये भी बताया कि इस सैलून कार की बुकिंग 8 जुलाई को हुई थी। इसके लिए 3 लाख से ज्यादा का एडवांस पेमेंट किया गया था। सैलून कार को 10 जुलाई को नई दिल्ली (NDLS) से मुंबई (BDTS) तक की एकतरफा यात्रा के लिए ट्रेन नंबर 12926 पश्चिम एक्सप्रेस के साथ जोड़ा जाना था।
नॉर्दर्न रेलवे के X अकाउंट ने बताया, “IRCTC ने 8 जुलाई को सैलून कार बुक की थी। पार्टी ने कमर्शियल बुकिंग के तौर पर ₹3,08,580 का एडवांस पेमेंट किया था। इस सैलून कार को 10 जुलाई को नई दिल्ली (NDLS) से मुंबई (BDTS) तक की एकतरफा यात्रा के लिए ट्रेन नंबर 12926 पश्चिम एक्सप्रेस में जोड़ा जाना था।”
रेलवे ने ये भी बताया कि "बिना किसी समझौते के यात्रियों की समय-पाबंदी, सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने की मुख्य ज़िम्मेदारी रेलवे की है।" इस पूरे मामले में कोई घायल नहीं हुआ और न ही कोई घटना घटी।
ऐसा ही एक मामला ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच का सामने आया था, जिसमें सुहागरात के लिए ट्रेन के AC कोच की केबिन को सजाया गया था। इसका वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे ने TTE को सस्पेंड कर दिया था।
ये भी पढ़ें-
लोको पायलट ने समोसे के लिए रोकी थी ट्रेन? वायरल वीडियो पर रेलवे ने जारी किया बयान