1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. खाने का पैसा दिए बिना भाग रहे थे युवक, वेटर ने रोका तो उसे कार से 1 किलोमीटर तक घसीटा, Video देख सहम जाएंगे

खाने का पैसा दिए बिना भाग रहे थे युवक, वेटर ने रोका तो उसे कार से 1 किलोमीटर तक घसीटा, Video देख सहम जाएंगे

 Edited By: Adarsh Pandey
 Published : Sep 11, 2024 11:46 am IST,  Updated : Sep 11, 2024 11:46 am IST

एक वीडियो अभी वायरल हो रहा है जिसे देखने के बाद आप सहम जाएंगे। खाने का पैसा देने से बचने के लिए कुछ युवकों ने एक वेटर को अपनी कार से करीब एक किलोमीटर तक घसीटा।

Screen Grab- India TV Hindi
वेटर को कार सवार युवकों ने 1 किलोमीटर तक घसीटा Image Source : INDIA TV

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आमतौर पर डांस, जुगाड़ और टैलेंट जैसे वीडियो वायरल होते हैं। मगर कभी-कभी कुछ ऐसे वीडियो वायरल हो जाते हैं जिन्हें देखने के बाद लोग सहम जाते हैं। अभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है जिसे देखने के बाद आप पूरी तरह से हैरान हो जाएंगे। कुछ युवकों ने अपने कुछ पैसे बचाने के लिए वेटर की जान की भी परवाह नहीं की। आइए आपको बताते हैं कि वायरल वीडियो में क्या नजर आ रहा है और इसके साथ ही आपको मामले की पूरी जानकारी देते हैं।

वायरल वीडियो में क्या दिखा?

अभी जो वीडियो वायरल हो रहा है उसमें नजर आ रहा है कि कुछ लोग अपनी गाड़ी से एक जगह से जा रहे हैं और तभी एक शख्स उन्हें रोकते हुए वहां पहुंचता है। दोनों के बीच कुछ बहस होती है जिसके बाद वो युवक उस शख्स को पकड़ लेते हैं और अपनी कार के साथ उसे घसीटते हुए काफी दूर तक ले जाते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो महाराष्ट्र के बीड का है।

क्या है पूरा मामला?

आपको बता दें कि माजलगांव के पास सखाराम जनार्दन मुंडे अपने दो साथियों के साथ होटल में डिनर करने के लिए पहुंचा था। खाना खाने के बाद बाद उन्होंने वेटर से बिल देने के लिए ऑनलाइन पेमेंट का स्कैनर लाने के लिए कहा मगर ये लोग बिल दिए बिना ही अपनी कार में बैठ गए। वेटर स्कैनर को लेकर उनके पास पहुंचा और बिल देने के लिए कहा तो इन्होंने बहस करते हुए बिल देने से मना कर दिया और कार लेकर भागने लगे। वेटर ने जब इन्हें रोकने और पकड़ने की कोशिश की तो कार सवार उसे घसीटते हुए अपने साथ ले जाने लगे। पूरी वारदात रेस्टोरेंट और इसके आसपास लगे सीसीटीवी में कैद हो गई जिसमें कार सवार वेटर को घसीटते हुए ले जाते दिख रहे हैं।

पुलिस ने मामले में क्या कुछ कहा?

पुलिस के मुताबिक वेटर को कार सवार आरोपी करीब एक किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गए और इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की। मामले में पुलिस ने वेटर की शिकायत पर तीनों कार सवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें-

पति-पत्नी के झगड़े में डॉक्टर को बोलना पड़ गया भारी, महिला ने उसकी ही कर दी पिटाई, देखें Video

भैंस के चारे से लड़की ने बना लिया अपना ड्रेस और पहनकर करने लगी डांस, Video हुआ वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।