Interesting Facts: सर्दियों के इन दिनों में भारत की कई जगहों पर लोग ठंड से ठिठुर रहे हैं। हालांकि, भीषण सर्दी पड़ने में अभी कुछ और समय है। इस सर्दी में आपने कभी सोचा है कि, दुनिया की सबसे ठंड जगह कौन सी है ? दरअसल, आपको बता दें कि यूं तो दुनिया में कई जगहें ठंडी हैं मगर भयानक मौसम की बात आती है, तो 'याकुत्स्क' सबसे ऊपर रहता है। साइबेरिया के मध्य में बसा यह शहर लगभग 3,55,000 लोगों की आबादी वाला है। चूंकि यहां साल के अधिकांश समय सर्दी रहती है, इसलिए याकुत्स्क का तापमान मानव सहनशक्ति और अनुकूलन की सीमाओं को चुनौती देता है। हाल ही में, याकुत्स्क के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं जिनको देखने के बाद लोग बुरी तरह से कांप गए हैं।
याकुत्स्क का मौसम
रिपोर्ट्स् के मुताबिक, जनवरी में औसत न्यूनतम तापमान -42°C रहता है, जबकि शहर में प्रतिदिन चार घंटे से भी कम धूप मिलती है। याकुत्स्क में अब तक का सबसे कम तापमान 5 फरवरी, 1891 को -64.4°C दर्ज किया गया था। X पर @LivingTricks_ नामक हैंडल से शेयर किए गए वीडियो में दिखाया गया है कि इस क्षेत्र में उबलता पानी भी कुछ ही सेकंड में जम जाता है। इस वीडियो को अब तक 22 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है।
मछली से लेकर इंसान सब कुछ फ्रीज़
विश्व की ठंडी जगहों में शुमार ये जगह इतनी दुर्लभ है कि, यहां मछली से लेकर इंसान सब कुछ फ्रीज़ हो सकता है। कपड़े, कार और अन्य सामान सहित कोई भी चीज जो बाहर रखी रहती है, कुछ ही सेकंड या मिनटों में जम जाती है। वीडियो में एक व्यक्ति ने कहा, 'बाजारों में मछली और मांस प्राकृतिक रूप से जमे रहते हैं क्योंकि बाहर की हवा किसी भी फ्रीजर से ज्यादा ठंडी होती है।' दिलचस्प बात यह है कि यह यह भी दिखाता है कि बाहर रखा हुआ केला हथौड़े के रूप में कैसे काम कर सकता है और यहां तक कि लकड़ी के एक टुकड़े में कील ठोकने के लिए भी इसका उपयोग किया जा सकता है। लोगों को अपनी कारों के इंजन को हर समय चालू रखना पड़ता है, अन्यथा वे कुछ ही मिनटों में जम जाएंगे।
शाकाहारी इस जगह से दूर रहे !
दावा किया जाता है कि, अगर कोई शाकाहारी है तो वो याकुत्स्क से दूर ही रहे क्योंकि यहां ताजी सब्जियां और फल दुर्लभ हैं। यहां मांस ही मुख्य आहार है। याकुत्स्क में लोगों को अपने स्मार्टफोन का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की आवश्यकता है, क्योंकि खुले में वे कुछ ही मिनटों में बंद हो सकते हैं। याकुत्स्क को भले ही दुनिया का सबसे ठंडा शहर कहा जाता है, लेकिन यह उत्तरी ध्रुव के सबसे नज़दीक स्थित शहर नहीं है। याकुत्स्क समुद्री हवाओं के प्रभाव से काफी दूर है। यह शहर ओखोत्स्क सागर से लगभग 725 किलोमीटर दूर है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
भारत का इकलौता रेलवे स्टेशन, जहां से देश के कोने-कोने के लिए मिलती है ट्रेन; नाम सुनकर दिमाग घूम जाएगा
ट्रेन के इंजन की खिड़की पर जाली क्यों लगी होती है, जवाब सपने में भी नहीं सोचा होगा; आज जान लीजिए