पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में पहले चरण से दूसरे चरण तक चुनावी बयानबाज़ी का स्तर लगातार तीखा होता गया है, खासकर Yogi Adityanath के भाषणों में। दूसरे चरण की वोटिंग से पहले प्रचार के आखिरी दिन बीजेपी ने पूरी ताकत झोंक दी। पार्टी के सभी बड़े नेता मैदान में उतरे और उनका मुख्य निशाना Mamata Banerjee और उनकी पार्टी Trinamool Congress रही।
पहले चरण से पहले योगी के तीखे हमले
पहले चरण के मतदान से पहले योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषणों में TMC पर कड़े आरोप लगाए। उन्होंने पार्टी को “गुंडों और माफिया को संरक्षण देने वाली” और “तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली” बताया। इसके साथ ही उन्होंने बंगाल में कथित घुसपैठ, कानून-व्यवस्था और धार्मिक मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया। योगी ने यह भी कहा था कि अगर राज्य में बीजेपी की सरकार बनती है, तो उत्तर प्रदेश की तरह अपराधियों के खिलाफ “बुलडोजर एक्शन” लागू किया जाएगा।
पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान
पहले चरण में लगभग 92% मतदान दर्ज किया गया, जिसे बीजेपी ने “परिवर्तन की लहर” का संकेत बताया। इस भारी मतदान ने सभी राजनीतिक दलों को और ज्यादा आक्रामक प्रचार करने के लिए प्रेरित किया, जिससे दूसरे चरण की सियासी लड़ाई और तेज हो गई।
दूसरे चरण में और आक्रामक हुए बयान
दूसरे चरण के प्रचार के दौरान योगी आदित्यनाथ के तेवर और सख्त हो गए। उन्होंने TMC और राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार निशाना साधा और दावा किया कि बीजेपी के सत्ता में आने के बाद अपराध और अराजकता पर पूरी तरह लगाम लगेगी।
पंचर बनाने का काम करेंगे: योगी आदित्यनाथ
दूसरे चरण के प्रचार के आखिरी दिन बंगाल की एक रैली में योगी आदित्यनाथ ने बेहद सीधा और विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि 4 मई के बाद TMC के गुंडे पंचर बनाने का काम करते नजर आएंगे। इस बयान को बीजेपी सख्त कानून-व्यवस्था की चेतावनी के रूप में पेश कर रही है, जबकि विपक्ष इसे भड़काऊ करार दे रहा है।
TMC के गुंडे अभी से अंडरग्राउंड होने लगे: योगी आदित्यनाथ
जहां एक तरफ उन्होंने TMC के गुंडे पंचर बनाने का काम करते नजर आएंगे ये बयान दिया तो वहीं एक दूसरी जनसभा के दौरान उन्होंने दोहराया कि बंगाल की धरती काबा नहीं बल्कि मां काली की है। सीएम योगी ने कहा कि यूपी में कोई माफिया सिर उठाता है तो बुलडोजर उसका एक्सप्रेसवे बना देता है और आपके बुलडोजर को सुनकर TMC के गुंडे अभी से अंडरग्राउंड होने लगे हैं।