1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. बंगाल: काली मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें, राज्यपाल और सीएम ने दी शुभकामनाएं

बंगाल: काली मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें, राज्यपाल और सीएम ने दी शुभकामनाएं

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Oct 20, 2025 08:17 pm IST,  Updated : Oct 20, 2025 08:17 pm IST

उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी में प्रसिद्ध बारा मां काली पूजा में भारी भीड़ उमड़ी। कोलकाता के प्रमुख काली पूजा पंडालों जैसे फाटा केस्टो पंडाल में भी भारी भीड़ देखी गई।

Nadia Kali puja- India TV Hindi
नाडिया में काली पूजा Image Source : PTI

पश्चिम बंगाल में सोमवार को काली पूजा के अवसर पर हजारों श्रद्धालु विभिन्न काली मंदिरों में पूजा अर्चना करने के लिए पहुंचे। उत्तरी कोलकाता में 322 साल पुराने थान्थानिया काली बाड़ी मंदिर, कालीघाट मंदिर, फिरंगी कालीबाड़ी, दक्षिणेश्वर मंदिर और बीरभूम में तारापीठ में पूजा-अर्चना करने, दीप जलाने और देवी काली का आशीर्वाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। 

दक्षिण कोलकाता में करुणामयी काली बाड़ी में पारंपरिक 'कुमारी पूजा' की जाती है। इस मंदिर को लेक काली बाड़ी के नाम से भी जाना जाता है। उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी में प्रसिद्ध बारा मां काली पूजा में भारी भीड़ उमड़ी। कोलकाता के प्रमुख काली पूजा पंडालों जैसे फाटा केस्टो पंडाल में भी भारी भीड़ देखी गई जबकि बारासात और उत्तर 24 परगना के विभिन्न हिस्सों में कई अन्य पंडालों में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। 

राज्यपाल बोस, मुख्यमंत्री बनर्जी ने शुभकामनाएं दीं

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी वी आनंद बोस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को राज्य के लोगों को काली पूजा और दिवाली की शुभकामनाएं दीं। बोस ने अपने संदेश में कहा, ‘‘प्रकाश का यह पर्व हमारे जीवन को प्रकाशित करे और हमें सद्भाव की ओर ले जाए।’’ उन्होंने काली पूजा और दिवाली के अवसर पर राज्य के लोगों के अच्छे स्वास्थ्य, समृद्धि और प्रगति की भी कामना की। मुख्यमंत्री ने काली पूजा और दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और साथ ही अपने द्वारा लिखित व संगीतबद्ध तथा श्रीलेखा बंद्योपाध्याय द्वारा गाया गया एक उत्सव गीत भी साझा किया। बनर्जी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में देवी काली के आशीर्वाद का आह्वान करते हुए कहा, ‘‘दयालु मां, प्रकाश की देवी, अंधकार को दूर करें और सभी के लिए शांति लाएं।’’

यह भी पढ़ें-

शुभेंदु अधिकारी का आरोप- 'मेरी कार पर हमला हुआ', टीएमसी बोली- 'यह लोगों का गुस्सा'

ममता बनर्जी ने PM मोदी को लिखी चिट्ठी, गोरखा मुद्दों पर मध्यस्थ की नियुक्ति को लेकर की ये मांग

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।