1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. BJP के बंगाल बंद पर ममता सरकार का जवाब, कहा- ऐसी कोई भी अनुमति नहीं मिलेगी

BJP के बंगाल बंद पर ममता सरकार का जवाब, कहा- ऐसी कोई भी अनुमति नहीं मिलेगी

 Reported By: Manish Bhattacharya Edited By: Subhash Kumar
 Published : Aug 27, 2024 07:19 pm IST,  Updated : Aug 27, 2024 08:10 pm IST

कोलकाता रेप-मर्डर केस के खिलाफ सड़कों पर उतरे छात्र संगठनों पर मंगलवार को पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। अब भाजपा ने इस कार्रवाई के खिलाफ बंगाल बंद का ऐलान किया है। हालांकि, ममता बनर्जी की सरकार ने इसकी कोई अनुमति नहीं दी है।

WEST BENGAL TMC REJECTS BJP BANDH CALL- India TV Hindi
बंगाल बंद को लेकर भाजपा-टीएमसी आमने-सामने। Image Source : PTI

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर से रेप और हत्या के खिलाफ आज छात्र संगठनों ने राज्य सचिवालय तक मार्च किया था। हालांकि, इस दौरान पुलिस प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठियों, आंसू गैस और पानी की बौछार का इस्तेमाल किया। अब इस कार्रवाई के खिलाफ भाजपा ने बुधवार को 12 घंटे के लिए बंगाल बंद का ऐलान किया है। हालांकि, ममता बनर्जी सरकार ने इस बंद की अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया है। 

किसी बंद की अनुमति नहीं- ममता सरकार

पश्चिम बंगाल सरकार ने आम लोगों से भाजपा के बंद में भाग नहीं लेने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के मुख्य सलाहकार अलपन बंदोपाध्याय ने मंगलवार को कहा है कि सरकार बुधवार को किसी बंद की अनुमति नहीं देगी। हम लोगों से अपील करते हैं कि इसमें भाग नहीं लें। सामान्य जनजीवन अप्रभावित रहे, इसके लिए सरकार सभी कदम उठाएगी।

सरकारी कर्मचारी को भी कल छुट्टी नहीं

पश्चिम बंगाल सरकार ने भाजपा के बंद के ऐलान को नकारते हुए कहा है कि बुधवार को राज्य में परिवहन सेवाएं यथावत संचालित होंगी और दुकानों, बाजारों तथा अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों से खुले रहने को कहा गया है। साथ ही पश्चिम बंगाल सरकार ने नोटिफिकेशन दिया है कि कोई भी सरकारी कर्मचारी कल छुट्टी नहीं ले सकता है, कल सभी को दफ़्तर आना पड़ेगा। 

कोई राजनीतिक दल बंद नहीं बुला सकता- ADG

दूसरी ओर पश्चिम बंगाल के ADG ने भी भारतीय जनता पार्टी की ओर से बुलाए गए बंद को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। ADG ने कहा है कि कोई राजनीतिक दल बंद नहीं बुला सकता। भाजपा का बंद बुलाना HC के आदेश का उल्लंघन है।  (इनपुट: पीटीआई)

ये भी पढ़ें- बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी का ममता सरकार पर बड़ा आरोप, नबन्ना रैली से पहले 4 छात्र हुए गायब, पुलिस ने दिया जवाब

भाजपा ने कल बुलाया बंगाल बंद, जानें क्या खुला रहेगा और क्या नहीं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।