1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी का ममता सरकार पर बड़ा आरोप, नबन्ना रैली से पहले 4 छात्र हुए गायब, पुलिस ने दिया जवाब

बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी का ममता सरकार पर बड़ा आरोप, नबन्ना रैली से पहले 4 छात्र हुए गायब, पुलिस ने दिया जवाब

 Published : Aug 27, 2024 07:49 am IST,  Updated : Aug 27, 2024 12:15 pm IST

कोलकाता में महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुए जघन्य अपराध को लेकर लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। छात्र और डॉक्टर सड़क पर उतर कर ममता सरकार से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

शुभेंदु अधिकारी और ममता बनर्जी- India TV Hindi
शुभेंदु अधिकारी और ममता बनर्जी Image Source : FILE PHOTO-PTI

कोलकाता में महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुए जघन्य अपराध को लेकर लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। 'पश्चिमबंगा छात्र समाज' नाम का संगठन आज सड़कों पर उतरेगा। ये छात्र संगठन पश्चिम बंगाल सचिवालय नबन्ना तक मार्च निकालेगा। राज्य सचिवालय नबन्ना नाम की बिल्डिंग में बना हुआ है। छात्र संगठनों का ये प्रदर्शन नबन्ना यानी राज्य सचिवालय को घेरने के लिए है। इस प्रदर्शन को नबन्ना अभियान नाम दिया गया है। छात्रों का प्रदर्शन सीएम ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग को लेकर है।

शुभेंदु अधिकारी का ममता सरकार पर बड़ा आरोप

बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने ममता सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि नबन्ना रैली से पहले 4 छात्र गायब हो गए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर बीजेपी नेता ने कहा कि हावड़ा स्टेशन से आधी रात के बाद 4 छात्र लापता हो गए। 

ये 4 छात्र हुए लापता

इन छात्रों के नाम सुभोजित घोष, पुलोकेश पंडित, गौतम सेनापति और प्रीतम सरकार है। अधिकारी ने कहा, 'न तो उनका पता लगाया जा सका है। न ही वे अपने फोन का जवाब दे रहे हैं। हमें आशंका है कि उन्हें ममता पुलिस ने गिरफ्तार व हिरासत में लिया है।'

बंगाल पुलिस ने दिया जवाब

शुभेंदु अधिकारी के आरोप पर बंगाल पुलिस ने कहा कि एक राजनीतिक नेता ट्वीट करके भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं कि चार छात्र कल रात से लापता हैं। सच्चाई यह है कि हमारे पास निश्चित और अहम सबूत हैं कि चारों छात्र आज नबन्ना अभियान में हिंसा फैलाने की योजना बना रहे थे। वे हत्या और हत्या के प्रयास की साजिश रच रहे थे। शांति और आम जनता की सुरक्षा के हित में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके परिवार के सदस्यों को भी सूचित कर दिया गया है।

दोपहर 1 बजे से शुरू होगा प्रदर्शन

यह रैली कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुए बलात्कार और हत्या के मामले में की जा रही है। यह प्रदर्शन मंगलवार को दोपहर 1 बजे से शुरू होना है। इस प्रदर्शन को नबन्ना अभियान कहा गया है। हालांकि, बीजेपी ने इसे अपना प्रदर्शन मानने से इंकार किया है, लेकिन अब इसे समर्थन देने की बात कर रही है।

पुलिस ने रैली को नहीं दी इजाजत

नबन्ना रैली को बंगाल के ADG लॉ एंड ऑर्डर ने अवैध बताया है। कहा कि नबन्ना प्रतिबंधित क्षेत्र है। वहां प्रदर्शन की इजाजत नहीं है। वहीं, कोलकाता पुलिस ने पश्चिमबंगा छात्र समाज को रैली की परमिशन नहीं दी है। पुलिस ने प्रदर्शन में हिंसक साजिश की आशंका जताई है। ACP सुप्रतिम सरकार ने कहा कि रैली के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी गई है। 

इस आंदोलन को बीजेपी का समर्थन

वहीं, पश्चिम बंगाल के बीजेपी अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि मंगलवार को छात्रों का नबन्ना (आरजी कर अस्तपाल में हुई घटना के विरोध में  प्रदर्शन है) अभियान है। छात्रों में डर का माहौल है। यह आंदोलन बीजेपी का नहीं है, लेकिन  इस आंदोलन को बीजेपी का समर्थन है। अगर छात्रों पर मंगलवार लाठीचार्ज किया गया तो आने वाले दिनों में बीजेपी इसका जमकर विरोध करेगी।

 भाजपा, CPM, कांग्रेस सब एक- TMC सांसद

टीएमसी नेता कुणाल घोष ने कहा कि भाजपा, CPM, कांग्रेस सब एक हैं। भाजपा नबन्ना अभियान कर रही है। कांग्रेस उसका समर्थन कर रही है। CPM जो भी कहे, लेकिन वे सभी विरोध मंच पर जाने की बात कर रहे हैं। राम-वाम सभी TMC के खिलाफ अराजकता पैदा करने के लिए एक साथ आ रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।