पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद बीजेपी की सरकार बन गई है। वहीं अब नतीजे आने के बाद, बंगाली फिल्म एक्टर परमब्रत चटर्जी और एक्ट्रेस स्वास्तिका मुखर्जी के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। दरअसल मामला पांच साल पुराना 2021 का बताया जा रहा है। उस समय किए गए एक भड़काऊ पोस्ट को लेकर अब गरियाहाट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। परमब्रत चटर्जी के साथ, बंगाली फिल्म एक्ट्रेस स्वास्तिका मुखर्जी ने भी उसी पोस्ट पर कमेंट किया था। उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है।
पांच साल पहले किया था पोस्ट
दरअसल, परमब्रत चटर्जी ने पांच साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट की थी। सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट में बीजेपी की हार के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमला का करने का इशारा किया गया था। इस पोस्ट की रिप्लाई में स्वास्तिका मुखर्जी ने भी कमेंट किया था और वह हंसते हुए नजर आ रही थीं। इस मामले में अब बीजेपी की सरकार बनने के बाद एक वकील के द्वारा दोनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। फिलहाल पुलिस की तरफ से शिकायत दर्ज कर ली गई है।

पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार
फिलहाल पश्चिम बंगाल में इस बार हुए चुनाव की बात करें तो राज्य में चुनावी दंगल समाप्त हो गया है। यहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार भी बन गई है। इस चुनाव में ममता बनर्जी को पर्सनली बहुत ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। ममता बनर्जी को न सिर्फ अपनी सीट पर हार का सामना करना पड़ा, बल्कि उन्हें अपनी सरकार से भी हाथ धोना पड़ा। न सिर्फ ममता बनर्जी बल्कि उनके 22 मंत्रियों को भी इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा, जो पूरी पार्टी के लिए एक शर्मनाक प्रदर्शन माना जा रहा है।
शुभेंदु बने पश्चिम बंगाल के सीएम
वहीं दूसरी तरफ यहां बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो-दो सीटों पर जीत हासिल की। पार्टी ने भी शुभेंदु पर भरोसा जताया और उन्हें प्रदेश में सत्ता की कमान सौंप दी। शुभेंदु ने न सिर्फ दोनों सीटों पर जीत हासिल की, बल्कि एक सीट पर तो उन्होंने खुद ममता बनर्जी को धूल चटाई। पश्चिम बंगाल की भवानीपुर सीट पर शुभेंदु अधिकारी के सामने खुद ममता बनर्जी चुनाव लड़ रही थीं, लेकिन यहां भी शुभेंदु ने ममता को हरा दिया। इससे पहले पिछली बार के विधानसभा चुनाव में भी शुभेंदु ने ममता बनर्जी को बंगाल की नंदीग्राम सीट पर हराया था। ऐसे में ममता को बार-बार हराने वाले शुभेंदु को ही बीजेपी ने सीएम भी बनाया।
यह भी पढ़ें-
भोजशाला में महाआरती का आयोजन, 721 साल बाद नहीं होगी जुमे की नमाज, चप्पे-चप्पे पर निगरानी