1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. नदीमुल हक से जुड़े परिसरों पर 24 घंटे चली ED की कार्रवाई, 60 करोड़ के लेन-देन में गड़बड़ी का दावा

नदीमुल हक से जुड़े परिसरों पर 24 घंटे चली ED की कार्रवाई, 60 करोड़ के लेन-देन में गड़बड़ी का दावा

 Written By: Malaika Imam
 Published : Sep 08, 2026 02:25 pm IST,  Updated : Sep 08, 2026 02:28 pm IST

ED ने टीएमसी के नेता एवं राज्यसभा सदस्य नदीमुल हक से जुड़े उर्दू अखबार के परिसरों में 24 घंटे से अधिक समय तक चली छापेमारी के दौरान करीब 60 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय अनियमितताओं का पता लगाया है।

नदीमुल हक से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी- India TV Hindi
नदीमुल हक से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी Image Source : REPORTER INPUT

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राज्यसभा सदस्य नदीमुल हक से जुड़े एक उर्दू अखबार के परिसरों पर 24 घंटे से अधिक समय तक चली तलाशी के दौरान करीब 60 करोड़ रुपये के कथित वित्तीय लेनदेन में विसंगतियों का पता लगाया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

ईडी की कार्रवाई सोमवार सुबह शुरू हुई थी और मंगलवार तड़के तक चली। इस दौरान कोलकाता के पार्क सर्कस इलाके स्थित अखबार के कार्यालय सहित नदीमुल हक से जुड़े आवास और अन्य परिसरों की तलाशी ली गई। दिल्ली और रांची में भी 7 अन्य ठिकानों पर जांच एजेंसी ने छापेमारी की।

ED के एक अधिकारी के मुताबिक, जांचकर्ता बैंक लेनदेन के रिकॉर्ड, वित्तीय दस्तावेज और डिजिटल सामग्री की जांच कर रहे हैं। एजेंसी का उद्देश्य लेन-देन की पूरी कड़ी का पता लगाना और जांच के दायरे में आई रकम के वास्तविक स्रोत का निर्धारण करना है।

हवाला के जरिए रकम भेजे जाने की भी जांच

सूत्रों के अनुसार, ईडी अखबार से जुड़े कथित अवैध वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। एजेंसी यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या जांच के दायरे में आई कुछ रकम हवाला जैसे अनौपचारिक माध्यमों से भेजी गई थी।

अधिकारियों के अनुसार, करीब 60 करोड़ रुपये के लेन-देन से संबंधित कुछ ऐसी विसंगतियां सामने आई हैं, जिनके समर्थन में तलाशी के दौरान तत्काल संतोषजनक रिकॉर्ड नहीं मिले। अब जांच एजेंसी यह पता लगा रही है कि ये लेन-देन वास्तविक कारोबारी गतिविधियों से जुड़े थे या इनके जरिए रकम को अनौपचारिक माध्यमों से स्थानांतरित किया गया।

नदीमुल हक से भी हुई पूछताछ

ईडी अधिकारियों ने कोलकाता स्थित नदीमुल हक के आवास और कार्यालय में उनसे पूछताछ भी की। अधिकारियों ने बताया कि जब तलाशी शुरू हुई, उस समय टीएमसी सांसद रांची में थे। इसके बाद सोमवार रात उन्हें कोलकाता लाया गया, जहां उनके आवास और कार्यालय में तलाशी के दौरान पूछताछ की गई। जांचकर्ता तृणमूल कांग्रेस से कथित तौर पर जुड़े कुछ वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल कर रहे हैं।

प्राथमिकी के आधार पर शुरू हुई जांच

ईडी की यह कार्रवाई बिधाननगर पुलिस आयुक्तालय में दर्ज प्राथमिकी के बाद शुरू हुई। इसके आधार पर केंद्रीय जांच एजेंसी ने प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ECIR) दर्ज की थी। मामले में कथित अवैध और बेहिसाबी वित्तीय लेन-देन और संदिग्ध स्रोतों से धन प्राप्त होने के आरोपों की जांच की जा रही है।

ईडी ने फिलहाल मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। जांच एजेंसी वित्तीय दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की पड़ताल के जरिए लेन-देन की प्रकृति और धन के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, खालिस्तानी संगठन ने स्पीकर को भेजा ईमेल

राजस्थान निकाय चुनाव से पहले BJP का बड़ा एक्शन, 41 बागी नेताओं-कार्यकर्ताओं को किया निष्कासित

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।