1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. VIDEO: फेसबुक लाइव और पुलिस के सामने महुआ मोइत्रा पर फेंके गए अंडे, प्रदर्शनकारियों ने कार्यक्रम में जाने से रोका

VIDEO: फेसबुक लाइव और पुलिस के सामने महुआ मोइत्रा पर फेंके गए अंडे, प्रदर्शनकारियों ने कार्यक्रम में जाने से रोका

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 16, 2026 08:34 pm IST,  Updated : Sep 16, 2026 10:56 pm IST

महुआ मोइत्रा जब कार में सवार हुईं तब प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की और अंडे फेंक कर भी मारे। इस दौरान महुआ मोइत्रा फेसबुक पर लाइव वीडियो बना रही थीं।

टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा पर फेंके गए अंडे- India TV Hindi
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा पर फेंके गए अंडे Image Source : REPORTER INPUT

तृणमूल कांग्रेस (TMC) की कृष्णानगर से सांसद महुआ मोइत्रा पर बुधवार को उनके लोकसभा क्षेत्र में प्रदर्शन के दौरान अंडे फेंके जाने का मामला सामने आया है। पुलिस सुरक्षा के बीच महुआ मोइत्रा पर प्रदर्शनकारियों ने अंडे फेंके हैं। ये घटना पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के तेहट्टा इलाके की बताई जा रही है, जहां हौलिया चौराहे पर तृणमूल कांग्रेस की एक बैठक आयोजित की गई थी।

फेसबुक पर लाइव कर रही थीं महुआ मोइत्रा

महुआ मोइत्रा बैठक में शामिल होने पहुंची थीं। बैठक के बाद जब वह अपनी कार में बैठकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लाइव कर रही थीं, तभी प्रदर्शनकारियों की ओर से उनकी तरफ अंडे फेंके गए। वायरल वीडियो में महुआ मोइत्रा अपने ऊपर लगे अंडे को कैमरे पर दिखाती हुई नजर आ रही हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने 'गो बैक' के नारे लगाए।

पुलिस सुरक्षा के बीच फेंके गए अंडे

महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी और सुरक्षा के बावजूद उन्हें कार्यक्रम में जाने से रोका गया और परेशान किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस सुरक्षा के बावजूद प्रदर्शनकारी उन तक कैसे पहुंचे और उन पर अंडे कैसे फेंके गए।

सुरक्षा को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट ने दिए थे निर्देश

यह घटना ऐसे समय में हुई, जब महुआ मोइत्रा को उनके कृष्णानगर लोकसभा क्षेत्र में सुरक्षा उपलब्ध कराने को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट पहले ही निर्देश दे चुका है। अदालत ने सांसद के क्षेत्र के दौरे के दौरान पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने का निर्देश दिया था।

इसके पहले भी उन पर फेंके जा चुके अंडे

महुआ मोइत्रा इससे पहले भी अपने लोकसभा क्षेत्र में विरोध-प्रदर्शन का सामना कर चुकी हैं। चापरा इलाके में उनके दौरे के दौरान काले झंडे दिखाए गए थे और 'गो बैक' के नारे लगाए गए थे। उस समय भी प्रदर्शन को लेकर अलग-अलग पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए गए थे।

लोगों के गुस्से का शिकार हो रहे टीएमसी नेता

पश्चिम बंगाल में सरकार बदलने के बाद से टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के अलावा पार्टी के अन्य कई नेताओं का जमकर विरोध हो रहा है। टीएमसी के नेता लोगों के गुस्से का शिकार हो रहे हैं। 

सुजीत दास की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

अल्पसंख्यक वोटरों पर शुभेंदु अधिकारी ने दिया बयान, आगबबूला हुई तृणमूल, कहा- धमकी दे रहे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।