सिक्किम में ल्होनक झील के ऊपर बादल फटने से तीस्ता नदी में अचानक आई बाढ़ के बाद मची तबाही में मरने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि सेना और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के टीम तीस्ता नदी के बेसिन और उत्तर बंगाल के निचले हिस्से में तीसरे दिन भी लापता लोगों की तलाश में जुटी रही। इस बीच, सिक्किम से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां छुट्टियां मनाने आए पश्चिम बंगाल के एक परिवार के 8 सदस्य पिछले छह दिनों से लापता हैं।
Related Stories
लापता लोगों में महिलाएं और बच्चे भी
बताया जा रहा है कि वे सभी 1 अक्टूबर को सिक्किम गए थे। बीरभूम जिले के इलमबाजार में उनके परिवार के सदस्य उनसे 3 अक्टूबर को कॉन्टैक्ट कर सके थे। लापता लोगों में दो महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। उनके परिवार के एक सदस्य मोहम्मद महफूज रमन के मुताबिक, सभी लापता शख्स लिचेन के एक होटल में ठहरे थे। हालांकि, संचार बाधित होने की वजह से उनका उनसे और होटल अधिकारियों से कॉन्टैक्ट टूट गया। उन्होंने बताया, "हमने पहले ही स्थानीय इलमबाजार पुलिस स्टेशन को इसके बारे में जानकारी दे दी है। साथ ही हम राज्य सरकार प्रशासन से कॉन्टैक्ट करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि वे हमारे परिवार के सदस्यों से संपर्क करने या उनके बारे में जानकारी प्राप्त करने में हमारी मदद कर सके।"
एक ही परिवार के 5 और सदस्य लापता
इस बीच, पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिले के झारग्राम के एक ही परिवार के पांच और सदस्य कुछ दिनों से लापता है। वे एक अक्टूबर से सिक्किम में छुट्टियां मना रहे थे। इनमें दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। झारग्राम में उनके परिजन ना ही उनसे कॉन्टैक्ट कर पा रहे हैं और ना ही कोई जानकारी मिल पा रही है। परिवार के एक सदस्य अरुण रोथ ने बताया, "आखिरी बार हमने उनसे 3 अक्टूबर की रात को संपर्क किया था, तब से उनके मोबाइल बंद हैं। हमने मदद के लिए राज्य प्रशासन से संपर्क किया है।"
तीस्ता नदी से अब तक 21 शव बरामद
बता दें कि पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में उफनती तीस्ता नदी से अब तक 21 शव बरामद किए जा चुके हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को संदेह है कि कुछ शव सिक्किम में तैनात 22 भारतीय सेना के जवानों के हो सकते हैं जो वहां आई बाढ़ के बाद लापता हो गए थे। आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने दावा किया कि पहाड़ियों से बहकर आए और शव बाद में बरामद किए जा सकते हैं। बादल फटने से अचानक आई बाढ़ के बाद 100 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं।
-IANS इनपुट के साथ