1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. विद्रोह की आग में जल रहा काठमांडू, भारत-नेपाल बॉर्डर पर जारी किया गया हाई अलर्ट, सुरक्षा हुई सख्त

विद्रोह की आग में जल रहा काठमांडू, भारत-नेपाल बॉर्डर पर जारी किया गया हाई अलर्ट, सुरक्षा हुई सख्त

 Reported By: Onkar Sarkar Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Sep 09, 2025 01:55 pm IST,  Updated : Sep 09, 2025 01:55 pm IST

नेपाल में अशांत स्थिति को देखते हुए भारत सरकार अलर्ट मोड पर है। भारत-नेपाल बॉर्डर पर सुरक्षा सख्त कर दी गई है और हाई अलर्ट जारी किया गया है।

Kathmandu- India TV Hindi
भारत-नेपाल बॉर्डर पर सघन चेकिंग Image Source : REPORTER INPUT

सिलीगुड़ी: नेपाल में सरकार के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन हो रहा है और काठमांडू विद्रोह की आग में जल रहा है। हालात ये हैं कि प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के निजी आवास पर कब्जा कर लिया गया है और जगह-जगह तोड़फोड़ की गई है। प्रदर्शनकारियों ने भक्तपुर के बालकोट स्थित प्रधानमंत्री ओली के आवास में आग लगा दी है।

हालात को ध्यान में रखते हुए भारत ने भारत-नेपाल बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया है। पश्चिम बंगाल में सिलीगुड़ी में पुलिस अलर्ट है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में सिलीगुड़ी का सामरिक महत्व बहुत अधिक है क्योंकि यहां से तीन अंतरराष्ट्रीय सीमाओं: नेपाल , बांग्लादेश और भूटान तक आसान पहुंच है।

भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट

युवाओं के विद्रोह के कारण नेपाल में अशांत स्थिति को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। SSB और दार्जिलिंग जिला पुलिस ने सीमा पर निगरानी बढ़ा दी है। पानी टंकी सीमा को लगभग सुरक्षा के घेरे में ले लिया गया है। SSB के जवान सीमा पर गश्त कर रहे हैं, जबकि जिला पुलिस कड़ी निगरानी कर रही है।

नेपाल में फैली अशांति

छात्र और युवा सोमवार सुबह से ही नेपाल के काठमांडू में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि यह विरोध प्रदर्शन मूल रूप से सोशल मीडिया (फेसबुक, व्हाट्सएप, एक्स और 26 प्लेटफॉर्म) पर सरकार द्वारा प्रतिबंध के विरोध में शुरू हुआ था, लेकिन धीरे-धीरे इसने सरकार के खिलाफ गुस्से का रूप ले लिया है। काठमांडू सहित नेपाल के विभिन्न जिलों में झड़पों के साथ नेपाल में उथल-पुथल मची हुई है।

हर स्थिति से निपटने के लिए भारत सरकार ने कर ली तैयारी

नेपाल में फैली अशांति के मद्देनजर भारत सरकार ने बॉर्डर पर सुरक्षा के कड़े कदम उठाए हैं। एसएसबी नेपाल से आने वाले हर नागरिक और वाहन की विस्तृत जानकारी दर्ज कर रही है। 

एसएसबी की 41वीं बटालियन ने मेची ब्रिज इलाके में एक बंकर स्थापित किया है। खोरीबाड़ी थाने की पुलिस ने भी निगरानी बढ़ा दी है। प्रशासन सीमा पार कर भारत में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति का नाम, पहचान पत्र और वाहन नंबर दर्ज कर रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।