काठमांडू: नेपाल से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। नेपाल में भारी विद्रोह हुआ है और तख्तापलट की आशंका जताई जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने भक्तपुर के बालकोट स्थित प्रधानमंत्री ओली के आवास में आग लगा दी है। ऐसे में खबरें सामने आ रही हैं कि नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली नेपाल छोड़कर दुबई भाग सकते हैं। ओली को दुबई ले जाने के लिए प्राइवेट प्लेन तैयार है।
Related Stories
प्रदर्शनकारियों ने पीएम ओली के आवास में आग लगाई
मिली जानकारी के मुताबिक, नेपाल के ललितपुर के भैसपति में हेलीकॉप्टर उड़ते देखे गए, जबकि हिमालयी देश में छात्रों के नेतृत्व में हिंसक सरकार विरोधी प्रदर्शन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने भक्तपुर के बालकोट स्थित प्रधानमंत्री ओली के आवास में आग लगा दी। ओली फिलहाल बलवतार स्थित प्रधानमंत्री आवास पर हैं।
अन्य मंत्री भी नेपाल छोड़कर भागने की तैयारी में
अन्य मंत्रियों के घर के पास भी हेलिकॉप्टर उतरे हैं और ये आशंका जताई जा रही है कि कई मंत्री भी नेपाल छोड़कर भागने की तैयारी में हैं।
पीएम ओली ने डिप्टी पीएम को सौंपी देश की कमान
नेपाल के बिगड़ते हालात को देखते हुए पीएम ओली ने डिप्टी पीएम को देश की कमान सौंपी है। युवा ओली सरकार को हटाने की मांग पर अड़े हुए हैं। Gen-Z की मांग है कि नेपाल में अंतरिम सरकार का गठन किया जाए।
नेपाल के राष्ट्रपति आवास में घुस चुके हैं प्रदर्शनकारी
नेपाल के राष्ट्रपति आवास में प्रदर्शनकारी घुस चुके हैं। काठमांडू में जगह-जगह आगजनी और पथराव की घटनाएं सामने आ रही हैं। राष्ट्रपति के निजी आवास पर कब्जा कर लिया गया है और जगह-जगह तोड़फोड़ की गई है। नेपाल में हिंसा अपने चरम पर पहुंच चुकी है और हालात काफी बिगड़ गए हैं।
नेपाल में क्यों शुरू हुआ था प्रदर्शन?
नेपाल में सोशल मीडिया बैन और भ्रष्टाचार के खिलाफ सोमवार को प्रदर्शन शुरू हुआ था। लेकिन युवाओं की भीड़ और सुरक्षाबलों के बीच झड़प हो गई, जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई और 300 से ज्यादा लोग घायल हैं। इसके बाद ये प्रदर्शन अपने चरम पर पहुंच गया। मंगलवार को प्रदर्शन का दूसरा दिन है और आक्रोशित युवाओं की भीड़ लगातार हिंसक प्रदर्शन कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के मंत्रियों के घरों पर भी हमला करना शुरू कर दिया है।