1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. Gen-Z प्रदर्शनकारियों के आगे झुकी नेपाल की सरकार, सोशल मीडिया पर से बैन हटाया गया

Gen-Z प्रदर्शनकारियों के आगे झुकी नेपाल की सरकार, सोशल मीडिया पर से बैन हटाया गया

 Published : Sep 09, 2025 06:15 am IST,  Updated : Sep 09, 2025 10:40 am IST

नेपाल सरकार ने सोमवार को ऐलान कर दिया है कि उसने सोशल मीडिया साइटों पर प्रतिबंध लगाने के फैसले को वापस ले लिया है। हिंसक प्रदर्शनों के बीच सरकार ने आपात बैठक बुलाकर ये फैसला किया है।

 Nepal government lifts ban on social media- India TV Hindi
नेपाल सरकार ने मानी प्रदर्शनकारियों की बात। Image Source : AP/PTI

नेपाल में सोशल मीडिया बैन को लेकर युवाओं का प्रदर्शन रविवार को हिंसक हो गया। पुलिस की गोलीबारी में दर्जनभर से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। हालांकि, इसके बावजूद भी प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। प्रदर्शन को तेज होता देख नेपाल की सरकार ने युवाओं की मांग को मान लिया है। सरकार ने सोशल मीडिया साइट्स पर से बैन लगाने के फैसले को वापस ले लिया है। इसके साथ ही सरकार की ओर से युवाओं से प्रदर्शन को वापस लेने की अपील की गई है।

संचार, सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने दी जानकारी

नेपाल सरकार ने सोमवार को ऐलान किया है कि उसने सोशल मीडिया साइटों पर बैन के अपने पहले के फैसले को वापस ले लिया है। नेपाल के संचार, सूचना एवं प्रसारण मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग ने जानकारी दी है कि सरकार ने कैबिनेट की एक आपात बैठक बुलाई थी। इसके बाद सोशल मीडिया साइटों पर बैन लगाने के पहले के फैसले को वापस ले लिया है।

मंत्री ने  प्रदर्शनकारियों से की अपील

नेपाल के सूचना एवं प्रसारण मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग ने जानकारी दी है कि सूचना मंत्रालय ने संबंधित एजेंसियों को Gen-Z की मांगों के अनुसार सोशल मीडिया साइटों को फिर से शुरू करने की प्रक्रिया को शुरू करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रदर्शनकारियों से अपील की है कि अपने विरोध कार्यक्रम को वापस ले लें। जानकारी के मुताबिक, नेपाल में फेसबुक, X और व्हाट्सएप जैसी सोशल मीडिया साइटें सोमवार रात से फिर से चालू हो गई हैं।

कितने लोगों की मौत हुई?

दरअसल, नेपाल सरकार ने हाल ही में रजिस्ट्रेशन न कराने के कारण फेसबुक और X समेत 26 सोशल मीडिया साइटों को बैन करने का आदेश जारी किया था। हालांकि, सरकार के खिलाफ बड़ी संख्या में युवा सड़कों पर उतर आए। सोमवार को प्रदर्शन हिंसक हो गया और कुछ प्रदर्शनकारी संसद परिसर में घुस गए।  इन प्रदर्शनों में कम से कम 19 लोग मारे गए और 300 से ज्यादा घायल हुए हैं। (इनपुट: PTI)

ये भी पढ़ें- नेपाल में जारी हिंसक प्रदर्शन पर आया PM केपी ओली का पहला बयान, अब तक 21 युवाओं की मौत और 350 से ज्यादा घायल

Nepal Gen-Z Protest: गृह मंत्री का इस्तीफा, परीक्षाएं हुईं कैंसिल, 10 प्वाइंट्स में जानें अबतक क्या क्या हुआ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश