1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. कोलकाता का सरकारी अस्पताल फिर शर्मसार! सो रही महिला के साथ छेड़छाड़, कपड़े उतार कर की गई रिकॉर्डिंग

कोलकाता का सरकारी अस्पताल फिर शर्मसार! सो रही महिला के साथ छेड़छाड़, कपड़े उतार कर की गई रिकॉर्डिंग

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 15, 2024 07:36 pm IST,  Updated : Sep 15, 2024 07:41 pm IST

पीड़ित महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी शख्स को गिराफ्तार कर लिया है। उसके पास से बरामद मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने मोबाइल फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है।

सरकारी अस्पताल में महिला से छेड़छाड़- India TV Hindi
सरकारी अस्पताल में महिला से छेड़छाड़ Image Source : FILE PHOTO

पश्चिम बंगाल के अस्पतालों में महिलाओं संग छेड़छाड़ के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। कोलकाता के एक सरकारी अस्पताल में 26 वर्षीय महिला के साथ एक स्वास्थ्यकर्मी ने छेड़छाड़ की है। महिला ने बताया कि जब वह सो रही थी, तब उसके संग छेड़छाड़ की गई है। वह अपने बच्चे के इलाज के लिए अस्पताल में आई हुई थी।

बच्चों के वार्ड में सो रही थी महिला

महिला की शिकायत के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब वह कोलकाता के बाल स्वास्थ्य संस्थान (ICH) के बच्चों के वार्ड में सो रही थी। जहां उसका बीमार बच्चा भर्ती था। पीड़ित महिला ने शिकायत में कहा कि आरोपी शख्स की पहचान 26 वर्षीय तनय पाल के रूप में हुई है, जो अस्पताल में वार्ड बॉय के रूप में काम करता था। 

अनुचित तरीके से छुआ और कपड़े भी उतार दिए

महिला ने बताया कि आरोपी शख्स ने बच्चों के वार्ड में प्रवेश किया। उसे अनुचित तरीके से छुआ और उसके कपड़े भी उतार दिए। महिला ने पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा है कि आरोपी ने इस घटना को अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड भी किया है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

इस मामले की की शिकायत मिलने पर कोलकाता पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत FIR दर्ज कर ली है। आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी तनय पाल का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। उसे फोरेंसिक जांच के लिए भेज गया है। पुलिस ने कहा कि आरोपी तनय पाल को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

बीरभूम जिले में नर्स से हुई थी छेड़छाड़

बता दें कि इस महीने की शुरुआत में पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में एक सरकारी अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात नर्स के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। यह घटना उस समय हुई थी जब नर्स उस व्यक्ति को ड्रिप लगा रही थी जिसे तेज बुखार के कारण स्ट्रेचर पर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।