1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. कोलकाता में बाढ़ के लिए ममता बनर्जी ने UP-बिहार पर फोड़ा ठीकरा, दिया अजीबोगरीब बयान

कोलकाता में बाढ़ के लिए ममता बनर्जी ने UP-बिहार पर फोड़ा ठीकरा, दिया अजीबोगरीब बयान

 Published : Sep 23, 2025 08:49 pm IST,  Updated : Sep 23, 2025 08:50 pm IST

कोलकाता में 24 घंटे से भी कम समय में हुई 251.4 मिलीमीटर बारिश 1986 के बाद सबसे अधिक है। बारिश के कारण मुख्य सड़कों की हालत नदियों जैसी हो गई। मेट्रो और ट्रेन सेवाएं बाधित हुईं और हवाई यात्रा भी प्रभावित हुई है। अगले सप्ताह दुर्गा पूजा से पहले शहर में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

kolkata flood mamata banerjee- India TV Hindi
कोलकाता बाढ़ के लिए ममता बनर्जी ने यूपी-बिहार और केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। Image Source : PTI

कोलकाता में मंगलवार को मूसलाधार बारिश के कारण कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से नौ व्यक्तियों की मृत्यु बिजली का करंट लगने से हुई। लगभग चार दशक के बाद हुई इतनी भारी बारिश के कारण हवाई, रेल और सड़क परिवहन प्रभावित हुआ। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि फरक्का बैराज की सफाई ठीक से नहीं होने के कारण हर बार यूपी और बिहार से आए पानी के चलते जल जमाव की समस्या खड़ी हो जाती है। ममता ने केंद्र सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।

'मैंने पहले कभी नहीं देखी ऐसी बारिश'

सीएम ममता ने भारी बारिश को ‘‘अभूतपूर्व’’ बताया तथा फरक्का बैराज से गाद न निकालने और निजी बिजली कंपनी सीईएससी की चूक की आलोचना की। साथ ही उन्होंने लोगों से अपनी सुरक्षा के लिए घरों के अंदर रहने की अपील की। ममता ने डिजिटल माध्यम से एक संबोधन में कहा, “मैंने ऐसी बारिश पहले कभी नहीं देखी। कुल दस लोगों की मौत हो गई है, जिनमें से नौ की मौत खुले तारों की वजह से करंट लगने के कारण हुई है। कोलकाता में आठ जबकि उत्तर 24 परगना के शाशन व दक्षिण 24 परगना के अमतला से सटे इलाकों में दो लोगों की मौत हुई है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। सीईएससी को उनके परिवारों के सदस्यों को नौकरी देनी चाहिए। सीईएससी को कम से कम पांच लाख रुपये का मुआवजा देना चाहिए।”

बिजली कंपनी को ठहराया जिम्मेदार

उन्होंने कहा कि कोलकाता और आसपास के इलाकों में बिजली की आपूर्ति कलकत्ता बिजली आपूर्ति निगम (CESC) करता है, राज्य सरकार नहीं। बनर्जी ने कहा, “यह सुनिश्चित करना उसका कर्तव्य है कि लोगों को इसकी वजह से परेशानी न हो। वे यहां व्यापार तो करेंगे, लेकिन क्या वे आधुनिकीकरण नहीं करेंगे? उसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजकर इस समस्या का समाधान करना चाहिए।” राज्य सरकार ने घोषणा की है कि सभी सरकारी शिक्षण संस्थान 24 और 25 सितंबर को बंद रहेंगे। 

UP-बिहार को लेकर क्या बोलीं CM ममता?

बनर्जी ने कहा, "यह बारिश बहुत ही असामान्य है। यहां तक कि हमारे मकान भी जलमग्न हैं, हम सब परेशान हैं। मुझे पूजा पंडालों के लिए भी बहुत बुरा लग रहा है। स्कूलों को छुट्टियां घोषित करने के लिए कहा गया है और कार्यालय जाने वालों को आज और कल घर पर रहने की सलाह दी गई है।’’ सीएम ने यह भी बताया कि वह महापौर, मुख्य सचिव और पुलिस के लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने कहा, ‘‘फरक्का की ठीक से सफाई नहीं हुई है, इसलिए हर बार जब बारिश होती है, बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मुंबई, दिल्ली, हर जगह जलभराव हो जाता है। इस बार बारिश थोड़ी असामान्य है।’’

उन्होंने आगे और भी बदतर स्थिति होने की आशंका जताते हुए कहा कि गंगा में उच्च ज्वार के कारण जल निकासी में बाधा आएगी क्योंकि नदी पहले से ही ऊपरी राज्यों से पानी आने के कारण उफान पर है। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

पश्चिम बंगाल में 24 और 25 सितंबर को बंद रहेंगे स्कूल, समय से पहले दुर्गा पूजा की छुट्टियों का ऐलान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।