कलकत्ता हाईकोर्ट में सोमवार को जनहित याचिका दायर करके एक लॉ छात्रा के साथ उसके महाविद्यालय में एक पूर्व छात्र और दो अन्य छात्रों द्वारा कथित रूप से किए गये सामूहिक दुष्कर्म की सीबीआई जांच कराए जाने का अनुरोध किया गया है। याचिकाकर्ता ने अनुरोध किया है कि कथित पीड़िता द्वारा की गई शिकायत के आधार पर CBI को इस घटना की प्रारंभिक जांच करने और कोर्ट के सामने एक अंतरिम रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया जाए। याचिकाकर्ता ने जनहित याचिका यानी पीआईएल में दावा किया कि मुख्य आरोपी मनोजीत मिश्रा के राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी से करीबी संबंध हैं, इसलिए कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले की निष्पक्ष जांच के लिए इसे कोलकाता पुलिस से लेकर सीबीआई को ट्रांसफर किया जाए। याचिका में कहा गया कि मिश्रा ‘साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज’ का पूर्व छात्र है और उसके रोजमर्रा के कामकाज में उसका बहुत प्रभाव है।
याचिकाकर्ता ने हाईकोर्ट से यह भी अनुरोध किया है कि वह राज्य के अधिकारियों को पीड़िता और उसके परिवार के सदस्यों को मुआवज़ा देने का निर्देश दे। याचिकाकर्ता ने पश्चिम बंगाल में छात्राओं की सुरक्षा के लिए सरकारी शिक्षण संस्थानों में महिला नागरिक स्वयंसेवकों की नियुक्ति के लिए आदेश देने का अनुरोध किया।
पीठ ने पहले दी थी अलग-अलग जनहित याचिकाएं दायर करने की परमिशन
इससे पहले, दिन में जज सौमेन सेन की अध्यक्षता वाली पीठ ने तीन वकीलों को लॉ छात्रा के साथ उसके महाविद्यालय में कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में अलग-अलग जनहित याचिकाएं दायर करने की परमिशन दी थी। मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का अनुरोध करने वाली याचिका बाद में विजय कुमार सिंघल द्वारा दायर की गई। अन्य याचिकाकर्ता अदालत की निगरानी में जांच और पश्चिम बंगाल के महाविद्यालयों में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने का अनुरोध कर रहे थे।
'सुनवाई इस वीक के आखिरी में होने की संभावना'
जज सेन की अध्यक्षता वाली पीठ से तीन वकीलों ने विधि छात्रा से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में अलग-अलग जनहित याचिकाएं दायर करने की अनुमति मांगी थी। कोर्ट में याचिका दायर करने वाले वकीलों में से एक ने बताया कि मामलों की सुनवाई इस वीक के आखिरी में होने की संभावना है।
जांच के लिए SIT का गठन
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 25 जून को ‘साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज’ में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी कॉलेज के पूर्व छात्र मनोजीत मिश्रा के साथ-साथ छात्र प्रोमित मुखर्जी और जैद अहमद को अरेस्ट किया है। पुलिस के मुताबिक शनिवार सुबह कॉलेज के एक सुरक्षा गार्ड को भी गिरफ्तार किया गया। कोलकाता पुलिस ने मामले की जांच के लिए एक सहायक आयुक्त रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में SIT का गठन किया है। (PTI Input)