Saturday, February 14, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 'ऐसा एक्स-रे होगा कि आने वाली 100 पीढ़ियां भी भ्रष्टाचार से पहले सोचेंगी', जानें बारासात में PM मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें

'ऐसा एक्स-रे होगा कि आने वाली 100 पीढ़ियां भी भ्रष्टाचार से पहले सोचेंगी', जानें बारासात में PM मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें

Edited By: Amar Deep Published : May 28, 2024 05:18 pm IST, Updated : May 28, 2024 05:18 pm IST

पश्चिम बंगाल के बारासात में पीएम मोदी ने एक जनसभा को संबोधित किया। यहां पर उन्होंने टीएमसी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने इंडी गठबंधन के एक्स-रे पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी इन भ्रष्टाचारियों की, काले धन की, गंदी कमाई का एक्सरे निकालुंगा। ऐसा एक्स रे इनकी आने वाली पीढियां भी भ्रष्टाचार करने से पहले 100 बार सोचेंगी।

बारासात में पीएम मोदी की जनसभा।- India TV Hindi
Image Source : BJP4INDIA बारासात में पीएम मोदी की जनसभा।

बारासात: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के बारासात में मंगलवार को एक चुनावी रैली को संबोधित किया। यहां पीएम मोदी ने टीएमसी और लेफ्ट के साथ-साथ इंडी गठबंधन पर भी निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि 'इंडी वाले गरीब और मध्यम वर्ग की कमाई का एक्स रे करने की बात करते हैं। अब मोदी इन भ्रष्टाचारियों की, काले धन की, गंदी कमाई का एक्सरे निकालुंगा। ऐसा एक्स रे इनकी आने वाली पीढियां भी भ्रष्टाचार करने से पहले 100 बार सोचेंगी।' आइए, जानते हैं बारासात में पीएम मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें क्या रहीं-

  1. पीएम मोदी ने कहा कि 'आज भारत विकसित होने के रास्ते पर चल पड़ा है। इस विकास का सबसे मजबूत पिलर हमारा पूर्वी भारत है। पिछले 10 साल में बीजेपी सरकार ने पूर्वी भारत पर खर्च किया है, उतना पिछले 60-70 साल में भी खर्च नहीं हुआ।'
  2. पीएम मोदी ने आगे कहा कि 'एक समय वो भी था जब बंगाल लाखों देशवासियों को रोजगार देता था। आज बंगाल में ज्यादातर फैक्ट्रियां बंद हैं, नौजवान पलायन के लिए मजबूर हैं। ये बंगाल की दुर्दशा, ये बर्बादी किसने किया? पहले बंगाल को कांग्रेस ने लूटा, फिर लेफ्ट ने लूटा और अब टीएमसी दोनों हाथों से लूट रही है। कांग्रेस, सीपीएम, टीएमसी, तीनों ही पश्चिम बंगाल की गुनहगार हैं।'
  3. अपनी गारंटी के बारे में बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि '10 साल पहले जब आपने मुझे अवसर दिया था तो मैंने गारंटी दी थी कि ना खाउंगा ना खाने दूंगा। मैंने केंद्रीय स्तर पर 10 साल में एक भी घोटाला नहीं होने दिया। अब मोदी देश को और खास करके पश्चिम बंगाल को एक और बड़ी गारंटी दे रहा है। मोदी की गारंटी है कि जिसने खाया है उससे बाहर निकालूंगा और जिसका खाया और उसको मैं लौटाउंगा।'
  4. इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 'इंडी वाले गरीब और मध्यम वर्ग की कमाई का एक्स-रे करने की बात करते हैं। अब मोदी इन भ्रष्टाचारियों की, काले धन की, गंदी कमाई का एक्स-रे निकालेगा। ऐसा एक्स-रे होगा कि इनकी आने वाली पीढियां भी भ्रष्टाचार करने से पहले 100 बार सोचेंगी।'
  5. ओबीसी का कोटा मुसलमानों को देने की बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 'बंगाल में टीएमसी ने ओबीसी को जो धोखा दिया उसकी कलई कोर्ट ने खोल दी है। कलकत्ता हाईकोर्ट ने कहा है कि 77 मुसलमान जातियों को ओबीसी घोषित करना गैर कानूनी है। यानी टीएमसी ने लाखों ओबीसी नौजवानों को जो हक मिला था उनको संविधान ने दिया था, वो हक रातों-रात ये वोट जिहाद वालों की मदद के लिए इन्होंने लूट लिया है। मैं तो हैरान हूं कि यहां के जजों की नीयत पर सवाल उठाए जा रहे हैं, न्याय व्यवस्था और न्याय पालिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं। अब क्या जजों के पीछे भी गुंडे छोड़ दोगे क्या? पूरा देश देख रहा है कि कैसे टीएमसी बंगाल में न्यायपालिका का गला घोंट रही है।'
  6. संत समाज पर टीएमसी की टिप्पणी को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि 'टीएमसी के एमएलए ने साफ-साफ कहा कि हिंदूओं को भागीरथी में बहा देंगे। इस पर बंगाल के संतों ने टीएमसी से रिक्वेस्ट की कि जरा आप अपनी गलती सुधार लीजिए लेकिन टीएमसी ने संत समाज को ही धनाधन गालियां देनी शुरू कर दी। ये रामकृष्ण मिशन और इस्कॉन जैसी संस्थाओं के संतों को अपमानित कर रहे हैं।'
  7. संदेशखालि का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 'यहां संदेशखालि की बहनों ने इंसाफ मांगा तो टीएमसी ने उनको ही टारगेट कर दिया। देश देख रहा है कि कैसे एक गरीब की बेटी को बीजेपी ने देश की संसद में सम्मानपूर्वक पहुंचाने के लिए कितना बड़ा कदम उठाया है। ये नारी शक्ति के सम्मान के लिए चुनाव लड़ रही हैं। मैं उनके साहस की, हिम्मत की सराहना करूंगा। वो टीएमसी की इतनी बड़ी सत्ता से टकरा रही हैं। वो खुद मां दूर्गा की सच्ची पुजारी लगती हैं। बंगाल में शाहजहां शेख जैसे अत्याचारियों का हौसला ना बढ़े इसलिए बहन रेखा पात्रा को जिताना बहुत जरूरी है।'
  8. टीएमसी पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 'मां-माटी-मानुष की बात करने वाली टीएमसी ने मां को भय दिया है, माटी का अपमान किया है। यहां तक कि जो महिला एमएलए की गुंडागर्दी के खिलाफ बोलती हैं उनको भी टारगेट किया है।'
  9. सीएए का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 'आज पूरा देश देख रहा है कि सैकड़ों शरणार्थियों को नागरिकता मिल चुकी हैं। किसी से कुछ छीना नहीं गया, बल्कि उन्हें नागरिकता देकर उन्हें सम्मान दिया गया है। इसलिए मतुआ साथियों को भी बहुत-बहुत बधाई देता हूं। आपको अब भारत की नागरिकता देने से दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती है और मोदी काम शुरू कर चुका है। कुछ ही महीनों में आप सबका काम पूरा भी हो जाएगा। ये नागरिकता, देश का संविधान दे रहा है। टीएमसी तो क्या दुनिया की कोई ताकत मोदी के संकल्प को ना हिला सकती है ना डुला सकती है और ना ही कोई रोक सकता है।'
  10. आयुष्मान भारत योजना को लागू नहीं होने देने की बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 'मोदी हर आयु के लोगों की चिंता कर रहा है। आज करीब 6 करोड़ लोग ऐसे हैं, जिनकी आयु 70 साल से ऊपर है। ऐसे सभी साथियों को 5 लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी, लेकिन टीएमसी की सरकार यहां आयुष्मान योजना लागू नहीं होने दे रही है।'

यहां देखें पीएम मोदी की पूरी जनसभा- 

यह भी पढ़ें- 

AAP नेता आतिशी की बढ़ी मुश्किलें, राउज एवेन्यू कोर्ट ने भेजा समन; 29 जून को पेशी के लिए बुलाया

इंदिरा गांधी के निधन के बाद उनके कमरे से मिला था एक पर्चा, प्रियंका गांधी ने बताया उसमें क्या लिखा था

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement