1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. भाजपा को जनवादी जनादेश नहीं मिला है, मतों की लूट हुई है: ममता बनर्जी

भाजपा को जनवादी जनादेश नहीं मिला है, मतों की लूट हुई है: ममता बनर्जी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 11, 2022 05:04 pm IST,  Updated : Mar 11, 2022 05:04 pm IST

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत ‘‘जनादेश का सही प्रतिबिंब नहीं’’ है। 

West Bengal Chief Minister Mamata Banerjee- India TV Hindi
West Bengal Chief Minister Mamata Banerjee Image Source : ANI

Highlights

  • चार राज्यों में भाजपा की जीत लोकप्रिय जनादेश का प्रतिबिंब नहीं: ममता
  • ममता बनर्जी ने भाजपा पर चुनावी मशीनरी का उपयोग करके वोट लूटने का आरोप लगाया
  • भाजपा को दिवास्वप्न देखना बंद कर देना चाहिए- ममता बनर्जी

नई दिल्ली/कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यूपी, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में बीजेपी की जीत पर निशाना साधते हुए बड़ा बयान दिया है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए शुक्रवार को कहा कि भाजपा को जनवादी जनादेश नहीं मिला है, मतों की लूट हुई है। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा कि यह लोकप्रिय जनादेश नहीं बल्कि 'इलेक्‍शन मशीनरी और केंद्रीय बलों और केंद्रीय एजेंसियों' की मदद से हासिल की गई जीत है। 

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत ‘‘जनादेश का सही प्रतिबिंब नहीं’’ है। ममता बनर्जी ने इसके साथ ही भाजपा पर चुनावी मशीनरी का उपयोग करके वोट लूटने का आरोप भी लगाया। भाजपा को परास्त करने के लिए विपक्षी गठबंधन के अपने आह्वान को दोहराते हुए बनर्जी ने कहा कि ‘‘बेकार बैठे’’ रहने और कांग्रेस का इंतजार करने का कोई फायदा नहीं है। 

तृणमूल सुप्रीमो बनर्जी ने कहा, 'आप कहेंगे बीजेपी ने यूपी में जीत हासिल की है लेकिन आप सही से गणना करेंगे तो अखिलेश (यादव) का वोट प्रतिशत बढ़ा है। अखिलेश की सीटों में इजाफा हुआ है और बीजेपी की सीटें घटी हैं, ईवीएम को लेकर शिकायतें थीं। एक डीएम (वाराणसी के एडिशनल डिस्ट्रिक्‍ट मजिस्‍ट्रेट) को सस्‍पेंड किया गया है, अखिलेश यादव को हराया गया है। अखिलेश को निराश नहीं होना चाहिए, उन्‍हें लोगों के बीच जाना चाहिए और  EVM की फोरेंसिक स्‍डटी की मांग करनी चाहिए, जिससे सच सामने आ सके। उन्‍होंने लोकप्रिय जनादेश नहीं बल्कि मशीनरी जनादेश हासिल किया है।''

ममता बनर्जी ने कहा, ‘‘कुछ राज्यों में जीत हासिल करने पर पार्टी (भाजपा) को अधिक हल्ला नहीं करना चाहिए। यह जीत लोगों के जनादेश का सही प्रतिबिंब नहीं है। यह फैसला वोटों को लूटने के लिए चुनावी मशीनरी के खुले तौर पर इस्तेमाल के कारण है।’’ बनर्जी ने कहा, ‘‘अखिलेश यादव (समाजवादी पार्टी के) जनादेश के कारण नहीं बल्कि वोटों की लूट के कारण हारे हैं।’’ वह पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा विधानसभा में 2022-23 वित्तीय वर्ष के लिए राज्य का बजट पेश करने के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में बोल रही थीं। 

बनर्जी ने भाजपा नेताओं के एक वर्ग के इन दावों को भी खारिज कर दिया कि चार राज्यों में जीत 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए लोगों की मनःस्थिति को दर्शाती है। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा को दिवास्वप्न देखना बंद कर देना चाहिए।’’ कांग्रेस के प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर, बनर्जी ने कहा, ‘‘यह उन्हें तय करना है कि वे क्या करना चाहते हैं। लेकिन मुझे लगता है कि सभी विपक्षी दलों को भाजपा को परास्त करने के लिए एकसाथ आना चाहिए। कांग्रेस की प्रतीक्षा करने की कोई आवश्यकता नहीं है।’’

गौरतलब है कि, समाजवादी पार्टी (सपा) के नेतृत्व वाले गठबंधन को पछाड़ते हुए भाजपा ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश में सत्ता बरकरार रखी। यूपी विधानसभा की 403 सीटों में से बीजेपी ने 273 में जीत हासिल की है, समाजवादी पार्टी में खाते में 125 सीटें आई हैं। भाजपा ने इसके साथ ही उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में भी सत्ता बरकरार रखी। वहीं, अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब में तीन-चौथाई बहुमत हासिल करते हुए शानदार जीत दर्ज की। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।