1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. झारग्राम में अवैध रेत व्यापारियों से पैसा वसूलने के आरोप में पुलिस कांस्टेबल और तीन दलाल गिरफ्तार, 5.70 लाख नकद बरामद

झारग्राम में अवैध रेत व्यापारियों से पैसा वसूलने के आरोप में पुलिस कांस्टेबल और तीन दलाल गिरफ्तार, 5.70 लाख नकद बरामद

 Reported By: Onkar Sarkar Written By: India TV West Bengal Bureau Desk
 Published : Aug 26, 2026 11:50 am IST,  Updated : Aug 26, 2026 01:09 pm IST

पश्चिम बंगाल के झारग्राम में एंटी-करप्शन ब्रांच ने अवैध रेत वसूली के आरोप में पुलिस कांस्टेबल और तीन दलालों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 5.70 लाख रुपए नकद बरामद हुए हैं। पूरी खबर पढ़ें।

West Bengal News- India TV Hindi
अवैध रेत व्यापारियों से पैसा वसूलने वाले गिरफ्तार Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE/PEXELS

झारग्राम, पश्चिम बंगाल: झारग्राम जिले में एंटी-करप्शन ब्रांच (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी की टीम ने अवैध रेत व्यापारियों से रंगदारी वसूलने के आरोप में झारग्राम पुलिस स्टेशन के एक कांस्टेबल समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। झारग्राम पुलिस स्टेशन के गिरफ्तार किए गए आरोपी कांस्टेबल की पहचान रतन प्रमाणिक के रूप में हुई है। उसके साथ ही अवैध रेत कारोबारियों के तीन दलालों—शांतनु बारिक, दीपांकर बारिक और रवि बारिक (सभी निवासी: श्यामसुंदरपुर गांव, बांधगोरा ग्राम पंचायत) को भी दबोचा गया है। आरोपियों के पास से 5 लाख 70 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। आइए जानते हैं क्या है पूरी खबर। 

कैसे बिछाया एसीबी ने जाल?

पश्चिम बंगाल के एंटी-करप्शन डिपार्टमेंट को शिकायत मिली थी कि झारग्राम थाने का एक कांस्टेबल दलालों के जरिए रेत ढोने वाले ट्रकों और ट्रैक्टरों से अवैध वसूली करवा रहा है। इस शिकायत के आधार पर एसीबी ने एक जाल बिछाया, जिसमें तीनों दलाल ट्रक मालिकों से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़े गए। पूछताछ के दौरान दलालों ने खुलासा किया कि यह वसूली सीधे तौर पर थाने के कांस्टेबल के लिए की जा रही थी।

'झारग्राम मैनेजर' नाम से सेव था नंबर

एसीबी सूत्रों के मुताबिक, आरोपी कांस्टेबल का मोबाइल नंबर मुख्य दलाल के फोन में 'झारग्राम मैनेजर' के नाम से सेव था। अधिकारियों ने आज की रंगदारी के अलावा पहले के भी 5 लाख रुपए जब्त किए हैं। इस रैकेट में शामिल अन्य लोगों की संलिप्तता की भी गहराई से जांच की जा रही है और पूरी संभावना है कि कुछ और लोगों के नाम भी इस केस में उजागर होंगे। गौरतलब है कि अगस्त के महीने में ही झारग्राम में जाम्बोनी बीडीओ ऑफिस के एक असिस्टेंट इंजीनियर को भी रिश्वत लेते पकड़ा गया था। आपको बता दें कि बीडीओ ऑफिस के एक भ्रष्ट सब असिस्टेंट इंजीनियर अधिकारी की हरकतों से तंग आकर सब-कॉन्ट्रैक्टर ने एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) में इसकी आधिकारिक शिकायत दर्ज करवा दी थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने पुख्ता रणनीति तैयार की। इसके बाद सब-असिस्टेंट इंजीनियर बिमल साहा को एसीबी के द्वारा गिरफ्तार किया गया था। 

ये भी पढ़ें-

मुर्शिदाबाद में मिला हथियारों को जखीरा, 10 बंदूक, 11 मैगजीन और 226 जिंदा कारतूस बरामद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।