1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 'कानून-व्यवस्था का जनाजा निकालने पर तुली TMC', कूचबिहार में बोले PM मोदी

'कानून-व्यवस्था का जनाजा निकालने पर तुली TMC', कूचबिहार में बोले PM मोदी

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Apr 05, 2026 04:59 pm IST,  Updated : Apr 05, 2026 05:38 pm IST

कूचबिहार की रैली में PM मोदी ने सत्तारूढ़ ममता बनर्जी की पार्टी TMC पर निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने कहा कि TMC कानून-व्यवस्था का जनाजा निकालने में जुटी हुई है। जानें PM मोदी ने और क्या-क्या कहा।

प्रधानमंत्री मोदी ने...- India TV Hindi
प्रधानमंत्री मोदी ने कूचबिहार में रैली को संबोधित किया। Image Source : NARENDRA MODI/X

PM Modi Cooch Behar Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (रविवार को) पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में चुनावी रैली करने पहुंचे। यहां PM मोदी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड से मैंने पश्चिम बंगाल में परिवर्तन महाअभियान शुरू किया था। ब्रिगेड ग्राउंड की वो ऐतिहासिक तस्वीरें और जनसैलाब देखकर पूरा टीएमसी सिंडिकेट घबराया हुआ है। और आज कूचबिहार में मैं देख रहा हूं ब्रिगेड ग्राउंड में जो बिगुल बजाया था, कूचबिहार ने उस पर अपनी मुहर लगा दी है।

विकास के लिए वोट देने की अपील

PM मोदी ने कहा, 'एक तरफ टीएमसी का डर है और दूसरी तरफ इसका मुकाबला करने के लिए आपके पास बीजेपी का भरोसा है। एक तरफ टीएमसी के कट मनी और भ्रष्टाचार का डर है, दूसरी तरफ विकास को तेज रफ्तार देने वाली बीजेपी का भरोसा है। एक तरफ घुसपैठ कराकर, विदेशियों को यहां बसाने का डर है, दूसरी तरफ घुसपैठ रोककर सारे घुसपैठियों को पश्चिम बंगाल से बाहर करने का BJP का विश्वास है।'

नारीशक्ति को सुरक्षा का वादा

कूचबिहार में प्रधानमंत्री मोदी बोले 'एक तरफ संदेशखाली जैसी बहनों की चीखें और बेटियों पर होता निर्मम अत्याचार है, दूसरी तरफ नारीशक्ति को सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण की मोदी की गारंटी है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि इस बार विधानसभा चुनाव के बाद इनके पापों का पूरा हिसाब होगा। चुन-चुनकर हिसाब होगा। 4 मई के बाद कानून अपना काम करेगा। चाहे कोई बड़े से बड़ा गुंडा क्यों न हो, इस बार न्याय होकर रहेगा।'

संवैधानिक संस्था को कुछ नहीं समझती TMC

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि यहां की निर्मम सरकार बंगाल की इस पावन माटी पर हर रोज लोकतंत्र को लहुलूहान कर रही है। ये निर्मम सरकार अपने आगे किसी संवैधानिक संस्था को कुछ भी नहीं समझती। दो-तीन पहले पूरे देश ने देखा है कि कैसे मालदा में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाकर रखा गया। TMC कानून-व्यवस्था का जनाजा निकालने पर तुली हुई है।

सच्चे सशक्तिकरण का रास्ता खोलेगी BJP सरकार

PM मोदी ने कहा कि हमारा बंगाल शक्ति पूजा की धरती है। मैं यहां आए सभी बहनों-बेटियों को, बंगाल की हर बहन-बेटियों से कहूंगा कि बीजेपी आपके सम्मान और आपकी समृद्धि के लिए मैदान में है। बीजेपी सरकार आएगी तो महिलाओं के सच्चे सशक्तिकरण का रास्ता खोलेगी और ये हमारा ट्रैक रिकॉर्ड है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।