1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 'बंगाल में रोहिंग्या घुसपैठियों को बसा रही तृणमूल', सुवेंदु अधिकारी का गंभीर आरोप, कहा- बदल जाएगी डेमोग्राफी

'बंगाल में रोहिंग्या घुसपैठियों को बसा रही तृणमूल', सुवेंदु अधिकारी का गंभीर आरोप, कहा- बदल जाएगी डेमोग्राफी

 Published : Oct 25, 2025 09:55 pm IST,  Updated : Oct 25, 2025 09:55 pm IST

पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह रोहिंग्या घुसपैठियों को फर्जी दस्तावेज देकर बसाने में मदद कर रही है। अधिकारी ने चेतावनी दी कि अगर TMC सरकार नहीं हटी, तो राज्य की डेमोग्राफी बदल जाएगी और हिंदू आबादी घटेगी।

Suvendu Adhikari, Bengal News, Rohingya immigrants, demographic change- India TV Hindi
रैली के दौरान सुवेंदु अधिकारी, सुकांत मजूमदार एवं अन्य बीजेपी नेता। Image Source : PTI

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस रोहिंग्या घुसपैठियों को फर्जी दस्तावेज देकर राज्य में बसाने में मदद कर रही है। दक्षिण दिनाजपुर जिले के गंगारामपुर में 'बिजय संकल्प' रैली को संबोधित करते हुए अधिकारी ने चेतावनी दी कि अगर अगले विधानसभा चुनाव में TMC सरकार को सत्ता से नहीं हटाया गया, तो राज्य की डेमोग्राफी पूरी तरह बदल जाएगी।

'बीजेपी भारतीय मुसलमानों के खिलाफ नहीं है'

अधिकारी ने साफ किया कि BJP भारतीय मुसलमानों के खिलाफ नहीं है, बल्कि उसका विरोध केवल रोहिंग्या घुसपैठियों को लेकर है। उन्होंने कहा, 'हम रोहिंग्या घुसपैठियों के खिलाफ हैं। बीजेपी के सत्ता में आने पर इनकी पहचान की जाएगी, इनके नाम मतदाता सूची से हटाए जाएंगे और फिर इन्हें देश से बाहर किया जाएगा।' उन्होंने TMC, कांग्रेस और वामपंथी दलों के उस दावे का भी खंडन किया कि बीजेपी मुसलमानों के खिलाफ है। अधिकारी ने कहा, 'मैंने कभी नहीं कहा कि हमें मुस्लिम वोट नहीं चाहिए। बल्कि, मैं सोचता हूं कि हमें उनके वोट क्यों नहीं मिल रहे। TMC उन्हें वोटबैंक की सियासत के लिए इस्तेमाल कर रही है।'

'हिंदुओं की संख्या घटकर 65 प्रतिशत रह जाएगी'

अधिकारी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सामाजिक कल्याण योजनाओं का फायदा हर वर्ग को मिला है, जिसमें मुसलमान भी शामिल हैं। उन्होंने जोर देकर कहा, 'मोदी जी के नेतृत्व में बीजेपी हर समुदाय के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें भारतीय मुसलमान भी शामिल हैं। हम उनके खिलाफ नहीं हैं।' अधिकारी ने दावा किया कि TMC के शासन में बंगाल में हिंदुओं की आबादी तेजी से घट रही है। उन्होंने कहा, 'पहले हिंदू आबादी 85 प्रतिशत थी, लेकिन 2027 की जनगणना में यह घटकर 65 प्रतिशत रह जाएगी।' उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति का ज़िक्र करते हुए कहा कि अगर बंगाल में डेमोग्राफी चेंज को नहीं रोका गया, तो यहां भी हिंदुओं को वैसी ही मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

'महिला मुख्यमंत्री के शासन में महिलाएं सुरक्षित नहीं'

अधिकारी ने हाल ही में दुर्गापुर में एक मेडिकल छात्रा के साथ बलात्कार और कई जिलों में मेडिकल स्टाफ और एक नाबालिग लड़की के साथ कथित अत्याचारों का ज़िक्र किया। उन्होंने कहा, 'यह शर्मनाक है कि एक महिला मुख्यमंत्री के शासन में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। बंगाल के लोग शर्मिंदगी महसूस कर रहे हैं।' उन्होंने कामदुनी, आर.जी. कर और दुर्गापुर की घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि बलात्कारी बंगाल में बेखौफ होकर अपराध कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने भी रैली में ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'पश्चिम बंगाल को इस गड़बड़ी से बचाने के लिए ममता सरकार को उखाड़ फेंकना जरूरी है।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।