1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. कोलकाता में एक और गैंगरेप, लॉ कॉलेज की छात्रा को हैवानों ने बनाया शिकार, तीन गिरफ्तार

कोलकाता में एक और गैंगरेप, लॉ कॉलेज की छात्रा को हैवानों ने बनाया शिकार, तीन गिरफ्तार

 Reported By: Onkar Sarkar, Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jun 27, 2025 01:03 pm IST,  Updated : Jun 27, 2025 03:32 pm IST

साउथ कोलकाता के कस्बा लॉ कॉलेज की छात्रा ने गैंगरेप का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

कोलकाताः आर जी कर मेडिकल कॉलेज कांड के बाद कोलकाता में एक अन्य कॉलेज में गैंगरेप का मामला सामने आया है। साउथ कोलकाता में कस्बा लॉ कॉलेज की छात्रा का गैंगरेप हुआ है। कस्बा पुलिस ने गैंगरेप के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीन लोगों में से दो कॉलेज के छात्र हैं और एक कॉलेज का पूर्व छात्र है। 

पुलिस की शिकायत के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार

जानकारी के अनुसार, गैंगरेप की घटना 25 जून की है। पीड़िता का आरोप है कि कस्बा लॉ कॉलेज के अंदर शाम 7:30 से 8:50 बजे के बीच उसके साथ गैंगरेप किया गया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर कस्बा पुलिस ने गुरुवार को तीनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

कॉलेज के अंदर छात्रा का हुआ गैंगरेप

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मोनोजीत मिश्रा, जैब अहमद और प्रमित मुखर्जी को गिरफ्तार किया गया है। छात्रों को 26 जून की शाम को कोलकाता में तालबगान क्रॉसिंग के पास सिद्धार्थ शंकर शिशु रॉय उद्यान के सामने से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के समय उनके मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कथित घटना कॉलेज की इमारत के अंदर ही हुई। पीड़िता की प्रारंभिक चिकित्सा जांच की गई है और कई गवाहों के बयान दर्ज किए गए हैं। तीनों आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं।

बीजेपी ने ममता सरकार पर साधा निशाना

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने इस घटना को भयावह बताया। हाल ही में आरजी कर अस्पताल की घटना का जिक्र करते हुए मालवीय ने कहा कि पश्चिम बंगाल में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार जारी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और सभी आरोपियों को सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। 

राष्ट्रीय महिला आयोग ने मांगी रिपोर्ट

राष्ट्रीय महिला आयोग ने घटना का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कोलकाता के पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर गहरी चिंता व्यक्त की है और बीएनएस के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत तत्काल, समयबद्ध जांच का निर्देश दिया है। उन्होंने पीड़िता को बीएनएसएस की धारा 396 के तहत मुआवजे के साथ-साथ पूर्ण चिकित्सा, मनोवैज्ञानिक और कानूनी सहायता प्रदान करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया है। आयोग ने 3 दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।

आरजी कर मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टर के साथ हुआ था रेप

बता दें कि इसी साल कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक जूनियर डॉक्टर के साथ बलात्कार किया गया था। इसके बाद पीड़िता की हत्या कर दी गई थी। आरजी कर बलात्कार और हत्या के मामले ने बंगाल में सियासी भूचाल ला दिया था। आरोपी संजय रॉय को युवती के बलात्कार और हत्या के लिए गिरफ्तार किया गया था। उसे कोर्ट ने दोषी ठहराया गया और  आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।